
छत्रपति संभाजीनगर हादसे में नया मोड़
Mumbai: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 21 अगस्त को एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। शुरुआती जांच में इस दर्दनाक हादसे की वजह 18 वर्षीय कुणाल चंदगुड़े के iPhone की EMI को लेकर हुए विवाद को बताया जा रहा था, लेकिन अब परिवार के रिश्तेदारों ने इस दावे को गलत बताते हुए अलग ही वजहों की ओर इशारा किया है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, कुणाल चंदगुड़े कथित तौर पर किस्त के पैसों को लेकर तनाव में आकर तिसगांव की पहाड़ी पर पहुंच गया था और वहां से कूदने की धमकी दे रहा था। उसे बचाने पहुंचे पिता मुरलीधर चंदगुड़े भी संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में गिर गए।
इस घटना को अपनी आंखों के सामने देखकर मां संगीता चंदगुड़े भी सदमे में आ गईं और उन्होंने भी चट्टान से छलांग लगा दी। हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।
अब मृतका संगीता की बहन पल्लवी पाटिल ने iPhone EMI विवाद को इस त्रासदी की वजह मानने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यह कहानी पूरी तरह अफवाह है और इसे फैलाने वाले लोग परिवार की असली स्थिति से अनजान हैं।
पल्लवी पाटिल ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि संगीता, कुणाल और मुरलीधर उनके अपने परिवार के सदस्य थे। उन्होंने कहा कि तीनों को खोने के बाद परिवार जिस दर्द से गुजर रहा है, उसे केवल वही महसूस कर सकते हैं।
रिश्तेदारों के बयान के बाद पुलिस अब इस मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या या हादसे के पीछे वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिवार, रिश्तेदारों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस घटना के पीछे कोई आर्थिक परेशानी, पारिवारिक तनाव या अन्य कारण जिम्मेदार थे। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
Location : Maharashtra
Published : 25 August 2026, 1:04 PM IST
Topics : Aurangabad News Chhatrapati Sambhajinagar News iPhone EMI Controversy Maharashtra Family Death Case Maharashtra Suicide Case