बिहार-बंगाल-झारखंड तक फैला था गोकशी का काला कारोबार, अमेठी में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार

अमेठी में 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय गोकश गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक घायल हुआ है। यह गिरोह गोवंश का मांस बिहार, बंगाल और झारखंड तक सप्लाई करता था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 July 2026, 11:42 AM IST

Amethi: अमेठी में पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। जामो थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे दृगपाल के पास पुलिस और गोकशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद एक अंतरराज्यीय गोकश गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। अंधेरे का फायदा उठाकर गोकशी की योजना बना रहे बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को धर दबोचा, जबकि एक आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। यह गिरोह स्थानीय स्तर पर गोकशी करने के साथ ही बड़े पैमाने पर गोवंशीय पशुओं का मांस बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों तक सप्लाई करता था।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी की पूरी कहानी

अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी, ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने सोमवार को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' अभियान के तहत पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि जामो थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे दृगपाल के पास एक गड्ढे में कुछ संदिग्ध लोग जानवरों को बांधकर गोकशी की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने देखा कि चार लोग पॉलिथीन बिछाकर टॉर्च की रोशनी में बैठे हुए हैं और उनके पास लकड़ी का ठीहा भी रखा हुआ है। जब पुलिस ने उन्हें घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों में से एक ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने अपनी रक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिससे एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर नीचे गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए मौके से अन्य तीन अभियुक्तों को भी दबोच लिया, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

यह भी पढ़ें- चेन लूटने वाली बताईं गलत नाम: जांच में निकलीं गोरखपुर की काजल, लाला, सुल्हरी और सुनीता, जानें कैसे उड़ाती थीं लोगों के होश

पकड़े गए और फरार आरोपियों की पहचान

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान इस रूप में बताई-

मो0 मोसिन (पुत्र मेहबुल्ला, निवासी इमामगंज, थाना बंधुआकला, जनपद सुलतानपुर) - यह इस गिरोह का मुख्य और शातिर अपराधी है। यह थाना बंधुआकला का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ अमेठी और सुलतानपुर जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में कुल 04 अभियोग पंजीकृत हैं।

मो0 मोनू उर्फ असरफ (पुत्र अब्दुल सलमान, निवासी इमामगंज, थाना बंधुआकला, जनपद सुलतानपुर)

आमिर (पुत्र मो0 रसीद खान, निवासी इमामगंज, थाना बंधुआकला, जनपद सुलतानपुर)

वहीं, मौके से फरार होने वाले चौथे आरोपी की पहचान राम हृदय (पुत्र बद्रीसिंह, निवासी दतनपुर कटारी, थाना जामो, जनपद अमेठी) के रूप में हुई है।

बिहार, बंगाल और झारखंड तक फैला था नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उनके गिरोह का एक और साथी राजेश (पुत्र गनेश सिंह, निवासी दतनपुर मजरे कटारी, थाना जामो, जनपद अमेठी) गोवंशीय पशुओं को एकत्रित करने का काम करता था। वही इन सभी को गोकशी के लिए बुलाता था। गोकशी के बाद मांस को आसपास के जिलों में बेचा जाता था, जबकि बड़े गोवंशीय पशुओं को ट्रकों या अन्य माध्यमों से ले जाकर बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड राज्यों में सप्लाई किया जाता था। घटना की शाम को भी राजेश ने ही पशुओं को उस गड्ढे में इकट्ठा किया था और गोकशी के लिए इन लोगों को बुलाया था।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: युवती से छेड़छाड़ करने वाले मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार, अवैध चाकू बरामद

पुलिस प्रशासन का अगला कदम और इनाम की घोषणा

घटना के तुरंत बाद घायल आरोपी को पुलिस बल की सुरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जामो थाने में सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अमेठी के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के बैंक खातों के विवरण और अन्य आपराधिक इतिहास की गहरी छानबीन की जा रही है। फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है, जिन्हें बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सराहनीय और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम के अदम्य साहस को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमेठी ने बीस हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

Location :  Amethi

Published :  27 July 2026, 11:42 AM IST