
अजमेर में चलती कार बनी आग का गोला (Img: Google)
Ajmer: राजस्थान के अजमेर जिले के बोराड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। श्रीरामपुरा गांव के पास चलती कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग के गोले में बदल गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां और जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लेकर जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी पूर्व सरपंच सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा भी मौजूद थीं। रास्ते में अचानक कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही सेकंड में आग भड़क उठी।
आग इतनी भीषण थी कि कार में सवार रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा बाहर नहीं निकल पाए और मौके पर ही जिंदा जलकर उनकी मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसी जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी भी मौत हो गई।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना तुरंत बोराड़ा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Rajasthan Road Accident: अजमेर में भीषण सड़क हादसा, 4 गंभीर, 28 लोग घायल
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर चलती कार में अचानक आग कैसे लग गई। पुलिस अब वाहन की तकनीकी जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Location : Ajmer
Published : 28 May 2026, 11:33 AM IST
Topics : Accident Ajmer BreakingNews Rajasthan RoadAccident