
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस की टक्कर (Source: X)
Agra: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के सवारियों से भरी डबल डेकर बस हादसे का शिकार हो गई। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में बस आगे जा रहे एक अज्ञात वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक समेत 13 यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार शिवगंगा ट्रैवल्स की डबल डेकर बस बलिया से यात्रियों को लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 34 पर बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई।
हादसे के वक्त बस में सवार ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। यात्रियों के मुताबिक अचानक जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। इसके बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना में बस चालक रविंद्र पुत्र राजेश निवासी कानपुर देहात के अलावा सुजीत सिंह निवासी बलिया, जितेंद्र निवासी रसूलपुर थाना घोसी जिला मऊ, धनराज निवासी विगरापुर दिवारी थाना मधुबन जिला मऊ, सुरेंद्र कुमार, अर्जुन, कृष्ण कुमार निवासी अंबेडकर नगर, प्रवेश निवासी आजमगढ़, सरिता विश्वकर्मा और दिहांत विश्वकर्मा निवासी जयसिंहपुर जिला मऊ, सूरज निवासी फरीदपुर जिला मऊ, बबलू निवासी अंबेडकर नगर तथा सतेंद्र गुप्ता निवासी बलिया घायल हुए हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही फतेहाबाद थाना पुलिस और यूपीडा की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा, जहां सभी का उपचार कराया गया।
Agra Crime: राखी बांधने मायके आई महिला के Ex Lover ने कार से किया पीछा, FIR दर्ज
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस एक्सप्रेसवे पर खड़ी हो गई थी, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका थी। पुलिस ने बस को मौके से हटवाकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।
प्रारंभिक जानकारी में चालक को नींद की झपकी आने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Agra
Published : 3 September 2026, 9:25 AM IST