चाय की एक चुस्की और यात्रियों का सामान गायब, आगरा में शातिर ट्रेन लुटेरे का पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश

आगरा में ट्रेन में सफर के दौरान अगर कोई अनजान व्यक्ति चाय या खाने का सामान ऑफर करे तो सावधान रहने की जरूरत है। आगरा में एक यात्री के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। आरोप है कि शातिर ने चाय में नशीली गोलियां मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और इसके बाद सामान लेकर फरार हो गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 October 2026, 1:19 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के जनपद आगरा में ट्रेन सफर के दौरान जहरखुरानी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। साबरमती एक्सप्रेस में एक शातिर ने यात्री को नशीली चाय पिलाकर बेहोश कर दिया और लैपटॉप व नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी सरफराज को झांसी आउटर से दबोच लिया। 

साबरमती एक्सप्रेस में यात्री को पिलाई नशीली चाय

आरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट टीके अग्निहोत्री के मुताबिक, शुक्रवार को मथुरा निवासी एक यात्री ट्रेन संख्या 12548 साबरमती एक्सप्रेस से जयपुर से आगरा कैंट की ओर आ रहा था। वह ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर यात्री को नशीली चाय पिला दी। चाय पीने के बाद यात्री बेहोश हो गया। आरोप है कि यात्री के बेहोश होने का फायदा उठाकर आरोपी उसका लैपटॉप, टैबलेट, चार्जर और करीब चार से पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया।

Agra News: युवती की मौत के बाद शव नदी में फेंकने का आरोप, तहसीलकर्मी हिरासत में

होश आने पर यात्री ने दर्ज कराई शिकायत

कुछ समय बाद जब यात्री को होश आया तो उसने अपना सामान गायब पाया। इसके बाद उसने मामले की सूचना जीआरपी आगरा कैंट को दी। यात्री की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ट्रेन और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा यात्री से मिली जानकारी और पहचान के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की गई।

झांसी आउटर के पास दबोचा गया आरोपी

जीआरपी और आरपीएफ कैंट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान सरफुद्दीन उर्फ सरफू उर्फ सरफराज (26) के रूप में की। पुलिस ने उसे झांसी आउटर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी का लैपटॉप, टैबलेट, चार्जर और 48 एल्प्राजोलाम गोलियां बरामद की गईं। बरामदगी के बाद मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धारा भी बढ़ाई गई।

पहले से दर्ज हैं दो मुकदमे

जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। जीआरपी के मुताबिक, आरोपी पर टूंडला और अलीगढ़ में एनडीपीएस एक्ट और चोरी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इस तरह की वारदात पहले भी की है या नहीं। साथ ही उसके संपर्क में रहे अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Prayagraj News: हाईकोर्ट के पास टंकी पर चढ़ी महिला, DM से लेकर लेखपाल पर लगाए गंभीर आरोप, जनिए क्या था मामला ?

पुलिस टीम को मिलेगा 10 हजार रुपये का पुरस्कार

आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने वाली जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम की कार्रवाई की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की है। पुलिस अधीक्षक रेलवे ने टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की चीजें लेने से बचें और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत रेलवे पुलिस या आरपीएफ को सूचना दें।

Location :  Agra

Published :  4 October 2026, 1:19 PM IST