“नर्क से कम नहीं थें वो कुछ घंटे” तालिबान के कैद में मौत के साये से गुजरी व्लॉगर अरुणिमा, जानिये उस खौफनाक नर्क की पूरी दास्तान

अफगानिस्तान में अकेले सफर कर रही केरल की ट्रैवल व्लॉगर अरुणिमा को कथित तौर पर तालिबान अधिकारियों ने रोक लिया। SOS पोस्ट के बाद उन्होंने बताया कि बातचीत से मामला सुलझा, लेकिन कुछ घंटे उनके लिए बेहद डरावने रहे।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 15 September 2026, 1:39 PM IST
google-preferred

New Delhi: केरल की रहने वाली ट्रैवल व्लॉगर अरुणिमा ने अफगानिस्तान के बामियान प्रांत में अपने साथ हुए कथित डरावने अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया है। अरुणिमा के मुताबिक, अकेले यात्रा करने के कारण स्थानीय तालिबान अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया और नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए हिरासत में लेने की धमकी दी। उन्होंने मदद के लिए सोशल मीडिया पर SOS पोस्ट किया और भारतीय दूतावास से संपर्क कराने की अपील की।

‘महिला अकेले यात्रा नहीं कर सकती’

अरुणिमा का दावा है कि वह अंधेरा होने के बाद बामियान पहुंची थीं। वहां अधिकारियों ने उनसे कहा कि अफगानिस्तान में कोई महिला बिना पुरुष साथी यानी महरम या आधिकारिक गाइड के अकेले सफर नहीं कर सकती। इसी आधार पर उनसे पूछताछ की गई और गिरफ्तारी की बात कही गई। व्लॉगर के अनुसार, उस वक्त वह बेहद डर गई थीं और अधिकारियों से उन्हें छोड़ने की मिन्नतें करनी पड़ीं।

अफगानिस्तान में भारतीय व्लॉगर को मुफ्त मिला जूस, मेहमान-नवाज़ी ने जीता दिल; Video वायरल

‘कुछ घंटे नर्क जैसे थे’

अपनी आपबीती बताते हुए अरुणिमा ने कहा कि कुछ घंटों तक वह बेहद तनाव और डर की स्थिति में रहीं। उन्हें आशंका थी कि उनके साथ कुछ गंभीर अनहोनी हो सकती है। उन्होंने बताया कि वह मानसिक रूप से इतनी परेशान हो गई थीं कि उन्हें लगा जैसे उनकी जान को खतरा है।

बातचीत के बाद सुलझा मामला

अरुणिमा ने SOS पोस्ट करने के करीब तीन घंटे बाद जानकारी दी कि अधिकारियों और मुजाहिदीन के साथ बातचीत के बाद मामला सुलझ गया है। इसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया और आगे यात्रा करने की अनुमति भी मिल गई। उन्होंने बताया कि परमिट की जांच और लंबी पूछताछ के बाद अधिकारियों ने उन्हें आगे बढ़ने दिया।

होटल में ठहरी विदेश महिला से ‘दुर्व्यवहार’, पुलिस ने व्लॉगर के खिलाफ दर्ज किया मामला, जानिये पूरी कहानी

पुरुष यात्रियों से अलग अनुभव

व्लॉगर ने कहा कि उनके कई पुरुष मित्र अफगानिस्तान की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं, उनकी कुछ महिला परिचितों ने भी अफगानिस्तान का दौरा किया था, लेकिन वे पुरुष साथी या गाइड के साथ थीं। अरुणिमा के मुताबिक, उन्होंने अपनी यात्रा को सुरक्षित रखने के लिए ज्यादातर समय बुर्के या पर्दे का इस्तेमाल किया, फिर भी कई जगहों पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई।

अब उज्बेकिस्तान सीमा की ओर बढ़ रहीं

अरुणिमा ने बताया कि फिलहाल वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और अफगानिस्तान से उज्बेकिस्तान सीमा की ओर बढ़ चुकी हैं। हालांकि, उनके दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

Location :  New Delhi

Published :  15 September 2026, 1:39 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement