दुकानदार के सामने 3 सेकेंड का खेल, दिल्ली के ज्वेलरी शॉप से लाखों के गहने पार…

दक्षिणी दिल्ली के आया नगर संडे मार्केट स्थित राधिका ज्वेलर्स में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। एक युवक महज तीन सेकेंड में करीब तीन लाख रुपये मूल्य की दो सोने की चेन लेकर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फतेहपुर बेरी थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 28 February 2026, 7:00 AM IST

New Delhi: दक्षिणी दिल्ली के आया नगर संडे मार्केट में एक बार फिर आपराधिक घटना ने स्थानीय कारोबारियों को दहशत में डाल दिया है। जिस बाजार में तीन महीने पहले एक डेरी संचालक की 69 गोलियां मारकर हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई थी, उसी इलाके में अब ज्वेलरी शॉप से दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है।

दुकानदार देखता रह गया

आया नगर के व्यस्त संडे मार्केट में स्थित राधिका ज्वेलर्स पर यह घटना बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुई। जानकारी के अनुसार, एक युवक पहले 25 फरवरी को दुकान पर आया था। उसने एक सोने की चेन पसंद की और कहा कि वह अगले दिन खरीदने आएगा।

अगले दिन वह दोबारा दुकान पहुंचा और कई चेन देखने लगा। दुकानदार को उस पर शक नहीं हुआ क्योंकि वह पहले भी आ चुका था। युवक ने दो सोने की चेन हाथ में लेकर देखने का बहाना किया और अचानक बिजली की तेजी से दरवाजे की ओर भाग निकला। पूरा घटनाक्रम इतना तेज था कि दुकानदार कुछ समझ ही नहीं पाया। बताया जा रहा है कि महज तीन सेकेंड में करीब तीन लाख रुपये मूल्य की दो चेन लेकर आरोपी फरार हो गया।

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा: ट्रंप ने ईरान को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया, युद्ध की संभावना

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पहले आराम से चेन देख रहा है और फिर अचानक दौड़ लगाकर बाहर निकल जाता है। दुकानदार ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया, लेकिन बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। वारदात के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

थाना पुलिस जांच में जुटी

घटना की शिकायत पर फतेहपुर बेरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

नोटिस के बावजूद नहीं हटाया अतिक्रमण, फिर प्रशासन ने उठाया ये कदम… पढें पूरी खबर

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ नजर आ रहा है, जिससे उसकी गिरफ्तारी में मदद मिलने की उम्मीद है। आसपास के बाजारों और रास्तों के कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।

पहले भी सुर्खियों में रहा है आया नगर मार्केट

यह वही संडे मार्केट है जहां कुछ महीने पहले एक डेरी संचालक की 69 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों में डर का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस का दावा है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बाजार के कारोबारी भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि पुलिस जल्द कार्रवाई कर इस घटना का खुलासा करेगी।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 28 February 2026, 7:00 AM IST