Crime News: 10 साल की बच्ची की अपहरण के बाद निर्मम हत्या, खौफनाक वारदात से लोग आक्रोशित

तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के सुलूर इलाके में 10 साल की बच्ची का कथित अपहरण कर हत्या कर दी गई। बच्ची का शव झील किनारे मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कार्तिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके सहयोगी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 23 May 2026, 4:35 PM IST

Tamil Nadu: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सुलूर इलाके में 10 साल की एक मासूम बच्ची का कथित तौर पर अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बच्ची का शव झील किनारे मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

किराने की दुकान गई थी बच्ची

पुलिस के मुताबिक यह पूरी घटना कोयंबटूर जिले के सुलूर क्षेत्र के कन्नमपालयम इलाके की है। बताया जा रहा है कि 10 वर्षीय बच्ची गुरुवार शाम अपने घर के पास स्थित किराने की दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसे निशाना बनाया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्ची को दोपहिया वाहन पर बैठाकर वहां से ले गया। इसके बाद बच्ची अचानक लापता हो गई।

झील किनारे मिला बच्ची का शव

बच्ची के लापता होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और तलाश अभियान शुरू किया गया। शुक्रवार को कन्नमपालयम के पास झील किनारे बच्ची का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोग भी इस घटना से गुस्से और सदमे में दिखाई दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच तेज कर दी।

तमिलनाडु में सीएम बनते ही विजय सरकार का बड़ा एक्शन, इन इलाकों में शराब की दुकानें अगले दो हफ्तों में होगी बंद

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जांच के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान 33 वर्षीय कार्तिक के रूप में की है। वह मूल रूप से नागपट्टिनम का रहने वाला बताया जा रहा है, लेकिन फिलहाल कोयंबटूर जिले के सुलूर के पास पल्लापलायम इलाके में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बच्ची का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध में मदद करने के आरोप में उसके सहयोगी मोहन राज को भी हिरासत में लिया गया है।

बच्ची की हत्या से भड़का लोगों का गुस्सा

मासूम बच्ची की हत्या की खबर सामने आते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार तड़के तक बड़ी संख्या में लोग सुलूर रोड पर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में बच्ची के माता-पिता, रिश्तेदार और स्थानीय लोग शामिल थे। प्रदर्शनकारी दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे। काफी देर तक सड़क पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। लोगों का कहना था कि इस तरह की घटनाएं समाज को डर और असुरक्षा की तरफ धकेल रही हैं।

फिल्मों के सुपरस्टार से CM बने विजय बोले-अब तमिलनाडु में रियल सेक्युलर और सामाजिक न्याय आधारित दौर

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस महानिरीक्षक आर. वी. रम्या भारती ने घटनास्थल का दौरा किया और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा सुलूर विधानसभा क्षेत्र के टीवीके विधायक एन. एम. सुकुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और लोगों को शांत कराने की कोशिश की।

Location :  Tamil Nadu

Published :  23 May 2026, 3:59 PM IST