10 की चाय हो या 500 की खरीदारी, अब नहीं आएगा UPI पेमेंट का SMS! HDFC Bank ने बदल दिया नियम, जानिए पूरी बात

HDFC Bank के ग्राहकों के लिए बड़ा अपडेट है। 1 जनवरी 2027 से 500 रुपये तक के UPI ट्रांजैक्शन पर बैंक SMS अलर्ट भेजना बंद कर देगा। RBI के नए नियमों के तहत 500 रुपये से ज्यादा के इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट जरूरी होगा। हालांकि, HDFC ग्राहकों को छोटी रकम के पेमेंट पर ईमेल अलर्ट मिलता रहेगा। जानिए नए नियम का आपकी रोजमर्रा की डिजिटल पेमेंट पर क्या असर पड़ेगा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 November 2026, 6:36 PM IST

New Delhi: अगर आप भी चाय, नाश्ते से लेकर छोटी-मोटी खरीदारी तक हर पेमेंट UPI से करते हैं और पैसे कटते ही बैंक का SMS देखकर निश्चिंत हो जाते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। नए साल से HDFC Bank के ग्राहकों को छोटी रकम के UPI पेमेंट पर बैंक का SMS अलर्ट मिलना बंद हो जाएगा। यानी 50, 100, 200 या 500 रुपये तक का भुगतान करने पर आपके मोबाइल पर बैंक की तरफ से मैसेज नहीं आएगा। HDFC Bank ने इस बदलाव की जानकारी अपने ग्राहकों को नोटिफिकेशन के जरिए दी है।

1 जनवरी से बदल जाएगा UPI का नियम

आज के समय में UPI लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। सब्जी खरीदनी हो, दुकान पर चाय पीनी हो या किसी को छोटी रकम भेजनी हो, लोग तुरंत मोबाइल से पेमेंट कर देते हैं। ज्यादातर ग्राहकों को पेमेंट सफल होने के बाद बैंक की तरफ से आने वाले SMS का इंतजार रहता है। इस मैसेज से पता चल जाता है कि खाते से पैसे कटे हैं या नहीं। लेकिन अब HDFC Bank के ग्राहकों को इस आदत में बदलाव करना पड़ सकता है।

UPI Payment Tips: मोबाइल से पेमेंट करते समय ये चार गलतियां पड़ सकती हैं भारी, एक झटके में खाली हो सकता है खाता

RBI के नए नियम के बाद लिया गया फैसला

दरअसल, इस बदलाव के पीछे भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़े नए निर्देश हैं। नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होने वाले हैं। इन निर्देशों के मुताबिक, 500 रुपये से ज्यादा के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन पर बैंकों के लिए तुरंत SMS अलर्ट भेजना जरूरी होगा। वहीं, 500 रुपये तक के लेनदेन पर SMS भेजना या नहीं भेजना बैंक की अपनी पॉलिसी पर निर्भर करेगा।

ग्राहकों को SMS की जगह मिलेगा ईमेल अलर्ट

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर मोबाइल पर SMS नहीं आएगा तो ग्राहकों को पेमेंट की जानकारी कैसे मिलेगी? HDFC Bank के नोटिफिकेशन के मुताबिक, छोटी रकम के UPI ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट बंद होने के बावजूद ग्राहकों को ईमेल अलर्ट मिलता रहेगा। यानी आपने 100 या 500 रुपये का भुगतान किया है तो बैंक की तरफ से आपके रजिस्टर्ड ईमेल पर ट्रांजैक्शन की जानकारी भेजी जाएगी।

UPI पेमेंट पर चार्ज का इंतजार बढ़ा! दिवाली तक टला फैसला, दुकानदारों को मिली राहत या अभी बाकी है बड़ा अपडेट?

500 रुपये से ज्यादा के पेमेंट पर क्या होगा?

अगर आप 500 रुपये से ज्यादा का UPI ट्रांजैक्शन करते हैं तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। RBI के नए निर्देशों के अनुसार, 500 रुपये से अधिक के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन पर बैंकों को तुरंत SMS अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा। यानी 600, 1000 या 5000 रुपये का UPI पेमेंट करने पर बैंक की तरफ से SMS अलर्ट मिलता रहेगा।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 6:36 PM IST