Gold Discount: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच यहां सस्ता बिक रहा सोना, जानें भारत पर क्या होगा इसका असर

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच दुबई में सोना 30 डॉलर प्रति औंस तक के डिस्काउंट पर बिक रहा है। एयरस्पेस बंद होने और एक्सपोर्ट रुकने से स्टॉक बढ़ गया है। जानें सस्ते गोल्ड का भारत के बाजार और कीमतों पर क्या असर पड़ेगा।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 7 March 2026, 10:37 AM IST

New Delhi: मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब वैश्विक बाजारों पर साफ दिखाई देने लगा है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ती तनातनी के बीच जहां दुनिया भर में सोने की कीमतों में तेजी की आशंका जताई जा रही है, वहीं Dubai में सोना अपेक्षाकृत सस्ते दामों पर बिक रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार दुबई के बुलियन बाजार में सोने पर लगभग 30 डॉलर प्रति औंस तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। यह स्थिति तब सामने आई है जब सामान्य तौर पर वैश्विक संकट के समय सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिलती है।

क्यों सस्ता हो गया दुबई में सोना

दुबई को अक्सर “सिटी ऑफ गोल्ड” कहा जाता है। यहां का गोल्ड मार्केट दुनिया के सबसे बड़े बुलियन ट्रेडिंग हब में से एक माना जाता है। कम टैक्स और कम इंपोर्ट ड्यूटी की वजह से यहां सोना अक्सर अन्य देशों की तुलना में सस्ता मिलता है। लेकिन मौजूदा हालात में सोने पर भारी डिस्काउंट मिलने की मुख्य वजह लॉजिस्टिक्स में आई रुकावट और कम होती मांग बताई जा रही है।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण कई देशों ने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं और कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। इसके चलते दुबई के कारोबारी अपने गोल्ड स्टॉक को अन्य देशों में एक्सपोर्ट नहीं कर पा रहे हैं।

स्टॉक बढ़ने से देना पड़ रहा डिस्काउंट

जब एक्सपोर्ट रुक जाता है तो स्थानीय बाजार में स्टॉक बढ़ने लगता है। इसी स्थिति से बचने के लिए दुबई के डीलर अपने सोने को बेचने के लिए प्रति औंस लगभग 30 डॉलर तक की छूट दे रहे हैं। इसके अलावा युद्ध के माहौल के कारण दुबई आने वाले पर्यटकों की संख्या भी कम हो गई है। आमतौर पर पर्यटक बड़ी मात्रा में यहां से सोना खरीदते हैं, लेकिन पर्यटन घटने से मांग में भी कमी आई है।

Gold Price: सोना-चांदी में ऐतिहासिक उछाल, जानें क्या ये है निवेशकों के लिए सही समय?

भारत पर पड़ सकता है असर

  • भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना उपभोक्ता देशों में से एक है। देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है और इस आयात का बड़ा भाग दुबई के जरिए ही आता है।
  • विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता है और सप्लाई चेन प्रभावित होती है, तो भारत में सोने की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है।
  • अगर सप्लाई में बाधा आती है तो घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है।

शादी और त्योहारों के सीजन में बढ़ सकती है कीमत

भारत में जल्द ही शादी और त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है, जिसमें सोने की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है। ऐसे समय में यदि सप्लाई प्रभावित होती है तो कीमतों में तेजी का सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।

Gold Price Today: मिडिल ईस्ट तनाव से चमका सोना, जानें कितना महंगा हुआ गोल्ड?

विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल दुबई में मिल रहा डिस्काउंट अस्थायी हो सकता है। अगर हालात सामान्य होते हैं और लॉजिस्टिक्स फिर से शुरू हो जाते हैं, तो सोने की कीमतें दोबारा वैश्विक ट्रेंड के अनुसार बढ़ सकती हैं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 7 March 2026, 10:37 AM IST