पहले विरोध, अब तारीफ; सोने पर PM मोदी की अपील को लेकर कारोबारियों ने क्या कहा?

सोने की खरीद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर पहले सवाल उठे थे, लेकिन अब कारोबारियों के संगठन ने उन्हें धन्यवाद पत्र लिखा है। आखिर CTI ने अपने पत्र में किस नुकसान से बचने का दावा किया है?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 2:25 PM IST

New Delhi: सोने की कीमतों में गिरावट के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद पत्र लिखा है। संगठन का दावा है कि प्रधानमंत्री की ओर से सोने की खरीद कम करने की अपील ने देशभर के लाखों जौहरियों, कारोबारियों और निवेशकों को बड़े वित्तीय नुकसान से बचाया है। CTI ने पत्र में सोने की कीमतों में आई गिरावट का हवाला देते हुए कहा कि कारोबारियों को समय रहते मिली सलाह उनके लिए फायदेमंद साबित हुई।

सोने के भाव में 65 लाख रुपये प्रति किलो की गिरावट का दावा

CTI के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने जब नागरिकों से सोने की अनावश्यक खरीद से बचने की अपील की थी, उस समय सोने का भाव करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम था। संगठन का दावा है कि अब इसकी कीमत घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम रह गई है। इस तरह प्रति किलोग्राम सोने के भाव में करीब 65 लाख रुपये की गिरावट आई है।

CTI ने अपने पत्र में कहा कि अगर कारोबारियों ने प्रधानमंत्री की अपील के समय पुराने भाव पर सोना खरीदा होता, तो उन्हें प्रति किलोग्राम करीब 65 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता था। देशभर में जौहरी कई महीनों का स्टॉक रखते हैं। ऐसे में ऊंची कीमतों पर खरीदे गए स्टॉक के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो सकता था।

संगठन के मुताबिक, ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से सोने का कारोबार करने वाले छोटे व्यापारी भी संभावित नुकसान से बचे हैं। CTI ने दावा किया कि उसके कारोबारी समूहों में लगातार ऐसे संदेश मिल रहे हैं, जिनमें व्यापारी कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री की सलाह ने उन्हें नुकसान से बचाया।

शादी के सीजन में आम लोगों को भी राहत मिलने का दावा

CTI ने कहा कि सोने की कीमतों में आई गिरावट से आम उपभोक्ताओं को भी राहत मिली है। खासकर शादी के मौसम में परिवारों को कम कीमत पर सोना खरीदने का मौका मिल रहा है। संगठन के मुताबिक, इस शादी के सीजन में देशभर में 52 लाख शादियां होने वाली हैं।

पत्र में CTI ने दावा किया कि जिन जौहरियों और कारोबारियों ने पहले प्रधानमंत्री की अपील का विरोध किया था, वे भी अब इसे फायदेमंद मान रहे हैं। संगठन ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सोने और चांदी जैसे संवेदनशील बाजारों को लेकर समय-समय पर मार्गदर्शन जारी रखा जाए।

CTI ने पत्र में कहा, 'प्रधानमंत्री जी, आपने सिर्फ सलाह नहीं दी, बल्कि लाखों परिवारों की मेहनत की पूंजी बचाई है।'

पीएम मोदी ने लखनऊ में फिर किया था अपील का जिक्र

यह घटनाक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित करने के एक दिन बाद सामने आया है। कार्यक्रम में उन्होंने नागरिकों से एक साल तक अनावश्यक सोने की खरीद से बचने की अपनी अपील का जिक्र किया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि लोगों ने उनकी सलाह पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

मोदी ने इसकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उस अपील से की, जिसमें उन्होंने देशवासियों से एक समय का भोजन छोड़ने का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने उनकी अपील पर भी वैसी ही भावना दिखाई।

इससे पहले 10 मई 2026 को सिकंदराबाद में प्रधानमंत्री ने सात अपीलें की थीं। इनमें विदेशी मुद्रा बचाने और आयात पर निर्भरता कम करने से जुड़े सुझाव शामिल थे। हालांकि, विपक्षी नेताओं अरविंद केजरीवाल, पवन खेड़ा और कार्ति चिदंबरम ने इन अपीलों पर सवाल उठाए थे।

Location :  New Delhi

Published :  22 November 2026, 2:25 PM IST