नेपाल के पहाड़ों में हलचल का असर बिहार तक! बगहा में मंडराया बड़ा खतरा, इन इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी

बिहार के पश्चिमी चंपारण के बगहा में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मध्य प्रदेश से करीब एक हजार किलोमीटर दूर कथित प्रेमिका से मिलने पहुंचे 25 वर्षीय युवक ने जहरीली दवा खा ली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 26 August 2026, 3:22 PM IST

West Champaran : नेपाल के पहाड़ी इलाके में हुए भूस्खलन ने बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में चिंता बढ़ा दी है। नेपाल के त्रिशूली नदी क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना के बाद बगहा में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। गंडक नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की आशंका के बीच पुलिस, जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। नदी किनारे बसे लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गंडक नदी के बढ़ते खतरे को लेकर प्रशासन सतर्क

उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा से सटे बगहा क्षेत्र में प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। आशंका जताई जा रही है कि नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र में हुई घटना का असर गंडक नदी के जलप्रवाह पर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए बगहा पुलिस प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।

बगहा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की ओर से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल निरीक्षकों और सभी थानाध्यक्षों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को गंडक नदी के किनारे बसे गांवों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

नदी किनारे रहने वाले लोगों को किया जा रहा जागरूक

प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। नदी किनारे बसे इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को संभावित खतरे की जानकारी दी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।

जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को भी कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि समय रहते सावधानी बरतने से किसी भी बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है।

त्रिशूली नदी से जुड़ा है गंडक का जलप्रवाह

नेपाल से होकर बहने वाली त्रिशूली नदी का जलप्रवाह आगे चलकर गंडक नदी प्रणाली को प्रभावित करता है। ऐसे में नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन जैसी घटना के बाद गंडक नदी के जलस्तर पर असर पड़ने की संभावना रहती है।

वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बैराज इस पूरे क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जल संसाधन विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जलस्तर में किसी भी बदलाव की जानकारी जुटाई जा रही है।

सोशल मीडिया के जरिए भी पहुंचाई जा रही जानकारी

प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। जिससे अधिक से अधिक लोग समय रहते सतर्क हो सकें। स्थानीय स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को भी पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। बगहा में प्रशासन की सक्रियता से साफ है कि संभावित जलस्तर वृद्धि को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को सबसे ऊपर रखा गया है।

Location :  West Champaran

Published :  26 August 2026, 2:48 PM IST