
पवन सिंह ने भरत तिवारी की बहन से बंधवाई राखी (Img: X)
Patna: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। भोजपुरी फिल्मों के चर्चित अभिनेता और बिहार विधान परिषद के सदस्य पवन सिंह सोमवार तड़के अचानक भरत तिवारी के घर पहुंचे। परिवार से मुलाकात के दौरान माहौल उस समय भावुक हो गया, जब भरत की बहन ने पवन सिंह की कलाई पर राखी बांधकर अपने भाई के लिए न्याय की मांग की।
बताया गया कि पवन सिंह सोमवार सुबह करीब चार बजे बिलौटी पहुंचे। वहां से वह सीधे भरत तिवारी के घर गए। उस समय परिवार के अधिकांश सदस्य सो रहे थे। पवन सिंह के आने की सूचना मिलते ही भरत के माता-पिता, भाई और बहन जाग गए।
पवन सिंह ने घर पहुंचकर भरत तिवारी की तस्वीर पर फूल चढ़ाए और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों से अलग-अलग मुलाकात की और काफी देर तक उनके साथ बातचीत की। बताया जा रहा है कि वह करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक घर पर रुके।
ये भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर केस में 11 आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट, SDM और SDPO भी आरोपी
मुलाकात के दौरान भरत तिवारी की बहन ने पवन सिंह की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान उन्होंने अपने भाई के लिए न्याय की गुहार लगाई। राखी बांधने के बाद माहौल भावुक हो गया। पवन सिंह ने परिवार को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह इस परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय की लड़ाई में उनका सहयोग करेंगे। उन्होंने बहन को भरोसा दिलाया कि राखी की लाज रखते हुए वह भरत के लिए न्याय की आवाज उठाते रहेंगे।
इस मुलाकात में पवन सिंह ने भरत के माता-पिता, भाई और बहन से घटना को लेकर विस्तार से बातचीत भी की। परिवार की बात सुनने के दौरान उनके भावुक होने की भी बात सामने आई।
परिजनों से बातचीत के दौरान पवन सिंह ने भरत तिवारी को अपना भाई बताया। उन्होंने कहा कि वह खुद को इस परिवार से अलग नहीं मानते। उनका कहना था कि भरत को न्याय दिलाने के लिए वह अंतिम दम तक परिवार का साथ देंगे।पवन सिंह ने यह भी कहा कि भरत ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी और परिवार जिस न्याय की मांग कर रहा है, उसकी आवाज को आगे बढ़ाने में वह सहयोग करेंगे। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में न्यायिक जांच चल रही है और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद रखनी चाहिए।
ये भी पढ़ें-सवालों के घेरे में खाकी: भरत तिवारी कांड में STF जवान की गिरफ्तारी से हड़कंप, अधिकारियों पर भी गिरी गाज
बताया जा रहा है कि पवन सिंह को पहले ही बिलौटी पहुंचना था, लेकिन व्यस्तता के कारण वह उस समय नहीं आ सके थे। इसके बाद सोमवार तड़के उन्होंने अचानक गांव पहुंचकर परिवार से मुलाकात की। पवन सिंह के पहुंचने की खबर जैसे ही आसपास के लोगों को मिली, उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी। काफी समय तक गांव में इस मुलाकात को लेकर चर्चा होती रही।
भरत तिवारी की मां आशा देवी ने पवन सिंह की मुलाकात पर कहा कि वह उनके घर के बेटे जैसे हैं। उनके मुताबिक, पवन सिंह ने परिवार को न्याय की लड़ाई में सहयोग करने का भरोसा दिया है।
गौरतलब है कि 17 जून 2026 को भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में भरत तिवारी की गोली लगने से मौत हुई थी। इसके बाद से ही परिवार की ओर से मामले में न्याय की मांग की जा रही है।भरत की मां आशा देवी ने कहा कि वह अपने पहले के बयान पर कायम हैं और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहती हैं। वहीं पवन सिंह की इस मुलाकात के बाद परिवार के बीच न्याय की उम्मीद एक बार फिर मजबूत हुई है।
Location : Patna
Published : 24 August 2026, 2:19 PM IST