नीतीश कुमार ने ली राज्यसभा सदस्य की शपथ; बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 10 अप्रैल 2026 को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। जानें नीतीश कुमार के इस्तीफे की संभावित तारीख और बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर एनडीए की तैयारी। पढ़ें पूरी खबर में...

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 April 2026, 12:31 PM IST

New Delhi : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शुक्रवार को संसद भवन में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान उनके साथ जदयू (JDU) के वरिष्ठ नेता संजय झा और विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार हाल ही में बिहार से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए थे।

मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की अटकलें तेज

राज्यसभा की सदस्यता लेने के बाद अब नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री पद छोड़ना लगभग तय माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 14 अप्रैल को 'खरमास' समाप्त होने के बाद वे अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप सकते हैं। नीतीश कुमार ने पहले ही बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जो इस बड़े राजनीतिक बदलाव का पहला संकेत था।

Iran Isreal US War: होर्मुज से लेकर लेबनान तक तनाव चरम पर… सीजफायर के बीच भी युद्ध जैसे हालात!

कौन होगा बिहार का अगला मुख्यमंत्री

नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के फैसले के बाद अब बिहार में एनडीए गठबंधन के भीतर नए मुख्यमंत्री को लेकर गहन मंथन शुरू हो गया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि गठबंधन के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की रूपरेखा पहले ही तैयार की जा चुकी है। इस रेस में वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है और संभावना जताई जा रही है कि पहली बार बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी भारतीय जनता पार्टी के खाते में जा सकती है।

Deoghar: सदर अस्पताल को मिली आधुनिक एक्स-रे मशीन, जानें किस बैंक ने की मदद

इसके साथ ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को नई सरकार के गठन में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी या उपमुख्यमंत्री का पद दिया जा सकता है।

JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे

संसद के उच्च सदन का हिस्सा बनने के बाद अब नीतीश कुमार राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी या गठबंधन की राजनीति को प्रभावित करेंगे। हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने के संकेत दिए हैं, लेकिन वे जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे और बिहार की राजनीति में एक 'मार्गदर्शक' के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहेंगे। माना जा रहा है कि वे 16 अप्रैल से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में भी हिस्सा लेंगे, जो राज्यसभा सांसद के तौर पर उनकी पहली सक्रिय भागीदारी होगी।

Location :  New Delhi

Published :  10 April 2026, 12:31 PM IST