डुप्लीकेट टाटा नमक की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 10 दुकानों पर छापेमारी से बाजार में मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर में डुप्लीकेट टाटा नमक की अवैध बिक्री का बड़ा खुलासा हुआ है। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की अधिकृत एजेंसी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 दुकानों से भारी मात्रा में नकली नमक जब्त किया गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 1 February 2026, 3:50 PM IST

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खुलेआम खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जिले में डुप्लीकेट टाटा नमक की अवैध बिक्री और कालाबाजारी का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और कंपनी की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली नमक जब्त किया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस मामले में शहर के 10 दुकानदारों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई है।

गुप्त सूचना के बाद शुरू हुई संयुक्त कार्रवाई

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब महाराष्ट्र से पहुंची टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की अधिकृत एजेंसी अनुसंधान इन्वेस्टिगेशन एंड सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड को गुप्त सूचना मिली। एजेंसी के सर्किल ऑफिसर अंजन कुमार दास गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई का अनुरोध किया।

एसएसपी के निर्देश पर स्थानीय पुलिस, जिला बल और कंपनी की टीम ने शनिवार दोपहर से देर रात तक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।

पटना के बिहटा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेजरफ्तार ने ली 6 जानें; पढ़ें पूरी खबर

10 दुकानों से भारी मात्रा में नकली नमक बरामद

छापेमारी के दौरान शहर की कुल 10 दुकानों पर कार्रवाई की गई, जहां से बड़ी मात्रा में डुप्लीकेट “TATA SALT” बरामद किया गया। सभी जब्त नमक को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में जब्ती सूची बनाकर सीज किया गया। इसके बाद संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई।

इन दुकानदारों पर दर्ज हुई एफआईआर

अरुण किराना स्टोर्स (अरुण कुमार दास),
मां यशोदा किराना स्टोर्स (कविंदर कुमार),
शाहू किराना स्टोर्स,
इमरान किराना स्टोर्स (मो. इमरान),
नवीन शाह किराना शॉप (नवीन कुमार शाह),
साहिल किराना शॉप (मो. मैनुद्दीन),
भारत कैंटीन (मो. अशरफ अली),
रामजी शाह किराना शॉप (रामजी कुमार शाह),
चौधरी किराना ट्रेडर्स (जगन्नाथ चौधरी),
बबलू एंटरप्राइजेज (बबलू कुमार)

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

दर्ज एफआईआर में आरोपियों पर कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63, 64, 65 और ट्रेडमार्क एक्ट 1999 की धारा 103 व 104 के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मुजफ्फरनगर मर्डर: दोस्त के साथ मिलने गया था जीवन, सुबह नाले में मिली कंबल में बंधी लाश

गोदाम से दो पिकअप नकली नमक जब्त

एजेंसी के सर्किल ऑफिसर अंजन कुमार दास गुप्ता ने बताया कि जगन्नाथ चौधरी के गोदाम से दो पिकअप वाहन में लदा नकली नमक बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पूरे इलाके में नकली नमक की सप्लाई इसी गोदाम से की जा रही थी।

पुलिस का सख्त रुख

छापेमारी टीम का नेतृत्व कर रहे ओपी अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह और एएसआई मुन्ना यादव ने कहा कि नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री गंभीर अपराध है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की जांच तेज कर दी गई है।

इलाके में मचा हड़कंप

छापेमारी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, वहीं कुछ मौके से फरार हो गए।

Location : 
  • Muzaffarpur

Published : 
  • 1 February 2026, 3:50 PM IST