
मधुबनी के केरवार गांव में मातम (Img- Internet)
Madhubani: बिहार के मधुबनी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बिस्फी प्रखंड के पतौना थाना क्षेत्र स्थित केरवार गांव में पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के पांच बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे गांव के कुछ बच्चे घर से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत की ओर गए थे। खेत में करीब दो वर्ष पहले जेसीबी मशीन से मिट्टी खनन के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था। हाल की बारिश और जलजमाव के कारण गड्ढे में काफी पानी भर गया था। बच्चे उसी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी की चपेट में आ गए और एक-एक कर डूबने लगे।
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान दिनेश पंडित की 12 वर्षीय पुत्री रिंकू कुमारी और 10 वर्षीय पुत्र बसंत पंडित के रूप में हुई है। वहीं उनके चचेरे भाई-बहनों में छोटे पंडित का 14 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार, ललित पंडित की 14 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी और नुनु पंडित की 12 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी शामिल हैं। सभी बच्चे आपस में रिश्तेदार थे।
घटना के समय कुछ अन्य बच्चे भी वहां मौजूद थे। साथियों को डूबता देख उन्होंने शोर मचाया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद सभी बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शवों को बाहर निकालते ही गांव में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मिट्टी खनन के कारण बने इस गड्ढे की गहराई करीब 15 फीट थी, जो बारिश के पानी से पूरी तरह भर गया था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। बेनीपट्टी के एसडीएम, डीएसपी और पतौना थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Madhubani
Published : 3 June 2026, 3:51 PM IST