Patna Coaching Controversy: आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास में फंसे खान सर, आज कोर्ट में कर सकते हैं सरेंडर

पटना कोचिंग विवाद ने पकड़ा तूल! आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश के मामले में घिरे खान सर आज शनिवार को कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, वहीं ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 6 June 2026, 9:31 AM IST

Patna: बिहार की राजधानी पटना में दो बड़े और दिग्गज कोचिंग संस्थानों के बीच शुरू हुआ विवाद अब बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। खान ग्लोबल स्टडीज (Khan Global Studies) में हुई हिंसक तोड़फोड़ और पथराव की घटना के बाद, संस्थान के संचालक और मशहूर यूट्यूबर फैसल खान उर्फ ‘खान सर’ पर पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसके बाद से ही उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इस बीच खबर आ रही है कि खान सर आज ही कोर्ट में आत्मसमर्पण (Surrender) कर सकते हैं।

आज पटना कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं खान सर

ताजा अपडेट के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने के बाद से बिहार पुलिस लगातार फैसल खान उर्फ खान सर की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल अपने कोचिंग सेंटर या नियमित ठिकानों पर मौजूद नहीं हैं और उनका कोई अता-पता नहीं मिल रहा है।

सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार रात से ही खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, पुलिस की बढ़ती दबिश को देखते हुए खान सर आज शनिवार (6 जून 2026) को पटना कोर्ट में सरेंडर करने की कानूनी प्रक्रिया अपना सकते हैं।

खान सर पर शिकंजा: FIR के बाद गिरफ्तारी तय, रातभर तलाश में भटकती रही पुलिस; जानें अब तक क्या-क्या हुआ

कोचिंग के गार्ड्स ने की थी हवाई फायरिंग

इस पूरे मामले की शुरुआत मंगलवार देर रात हुई, जब खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई और परिसर पर भारी पथराव किया गया। इसके बाद गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो के अनुसंधान और सत्यापन के बाद पटना पुलिस ने कदमकुआं थाना क्षेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया, जो घटना के बाद हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। इन गार्डों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को जब्त कर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) जांच के लिए भेज दिया गया है। पूछताछ में इन गार्ड्स के बयानों के आधार पर ही खान सर को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

Patna News: खान सर की कोचिंग विवाद में नया मोड़, वायरल वीडियो से बढ़ी सियासत, पुलिस जांच तेज

ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक समेत तीन गिरफ्तार

पटना पुलिस ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी कर सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस के मुताबिक, खान ग्लोबल स्टडीज पर पथराव और तोड़फोड़ करने के आरोप में प्रतिद्वंद्वी 'ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान' के निदेशक (डायरेक्टर) सहित अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं से भावुक या गुमराह न होने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि कोचिंग सेंटरों की इस आपसी व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा में छात्र किसी के भी बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें।

Location :  Patna

Published :  6 June 2026, 9:31 AM IST