
दरभंगा मर्डर मिस्ट्री (Img- Pinterest)
Darbhanga: बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद ही हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। बहेड़ी थाना क्षेत्र के सुसारी गांव में मंगलवार की रात एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अनिल राय की पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में की गई है।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके वालों ने उसकी सास पर गर्म पानी में जहर मिलाकर पिलाने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के समय मृतका का पति और घर के अन्य पुरुष सदस्य राजस्थान में थे।
समस्तीपुर जिले के बुनियादपुर निवासी मृतका के छोटे भाई राघव कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम प्रीति बिल्कुल ठीक थी। उसने अपने ससुराल से मायके में मोबाइल फोन पर वीडियो कॉलिंग की थी। उसने अपनी मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों से बहुत ही सामान्य रूप से हंसकर बात की।
बातचीत खत्म होने के बाद प्रीति ने कहा कि वह घर में लगे नल-जल से पानी भरने जा रही है और फोन काट दिया। लेकिन इस बातचीत के महज आधे घंटे बाद ही राजस्थान से उसके पति अनिल राय ने फोन कर सूचना दी कि प्रीति की मौत हो गई है, जिससे मायके में कोहराम मच गया।
घटना की खबर मिलते ही रोते-बिलखते मायके वाले रात करीब 11 बजे सुसारी गांव पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई। प्रीति का शव घर के बरामदे में बेजान पड़ा हुआ था और उसका 10 वर्षीय मासूम बेटा अभिनव पास बैठकर फूट-फूट कर रो रहा था। वहीं, घर की सास, ननद और देवरानी कमरा अंदर से बंद करके आराम से सो रही थीं।
जब मायके वालों ने तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले मासूम बच्चे से पूछताछ की, तो उसने जो बताया वह चौंकाने वाला था। बच्चे ने कहा कि दादी ने मम्मी को गर्म पानी पीने के लिए दिया था, जिसे पीने के कुछ ही देर बाद मम्मी तड़पने लगीं और उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, प्रीति की शादी को 12 साल हो चुके थे। शादी के बाद से ही उसका पति अनिल उसे राजस्थान ले गया था, जहां वह उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना करता था। पति के जुल्मों से तंग आकर प्रीति अपने मायके लौट आई थी।
करीब चार महीने पहले दोनों पक्षों के बीच सामाजिक समझौता हुआ था, जिसके बाद प्रीति दोबारा अपने ससुराल सुसारी आकर रहने लगी थी। उसकी सास, जो पहले राजस्थान में ही रहती थी, वह भी कुछ दिनों पहले ही गांव आई थी और आते ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय बहेड़ी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) भेज दिया है। बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतका के भाई की ओर से लिखित आवेदन मिला है, जिसमें सास पर जहर देने का आरोप है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Location : Darbhanga
Published : 8 July 2026, 3:05 PM IST
Topics : Bihar News crime news Domestic Violence