बिहार के शिवहर में तैनात DDC बृजेश कुमार पर आय से अधिक संपत्ति मामले में SVU ने बड़ी कार्रवाई की है। बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर में छापेमारी जारी है। अब तक करीब एक करोड़ की संपत्ति बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

बृजेश कुमार के ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी
Patna: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवहर में तैनात उप विकास आयुक्त (DDC) बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत कांड संख्या 11/2026 दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, बृजेश कुमार पर अपने सेवा काल के दौरान अवैध रूप से बड़ी संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, जो उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक बताई जा रही है।
मंगलवार की सुबह पुलिस अधीक्षक (SVU) डॉ. जे.पी. मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर में एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई विशेष न्यायाधीश, निगरानी पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की गई। टीम ने आरोपी के सरकारी कार्यालयों और आवासीय परिसरों को खंगालना शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान अब तक करीब एक करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति बरामद की जा चुकी है। हालांकि, यह कार्रवाई अभी जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
अवैध संपत्ति मामले से मचा हड़कंप
बिहार राजनीति से बड़ी खबर, नीतीश कुमार को फिर सौंपी गई जेडीयू की कमान; विरोधी कोई सामने नहीं…
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि बृजेश कुमार ने अपने विभिन्न पदों पर रहते हुए करीब 1,84,32,900 रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो उनकी वैध आय से अधिक है। इस मामले में विस्तृत जांच जारी है और दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है।
बृजेश कुमार इससे पहले मुजफ्फरपुर वेस्ट और चकिया में एसडीएम के पद पर कार्य कर चुके हैं। उन्हें एक सख्त और कड़े रुख वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता रहा है। ऐसे में इस कार्रवाई ने कई लोगों को चौंका दिया है।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक और सरकारी महकमे में हलचल तेज हो गई है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।