
विधायक अनंत सिंह (File Photo)
New Delhi: बिहार की राजनीति में छोटे सरकार के नाम से चर्चित अनंत सिंह अब अपने सियासी सफर में नई पारी खेलने की तैयारी कर रहे हैं। मोकामा विधानसभा सीट पर वर्षों से मजबूत पकड़ रखने वाले अनंत सिंह की नजर अब संसद पहुंचने पर है। एक निजी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने साफ किया कि अब उनका इरादा विधानसभा चुनाव लड़ने का नहीं है। वह लोकसभा चुनाव की तैयारी करना चाहते हैं। खास बात यह है कि उन्होंने नवादा संसदीय सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर की है।
अनंत सिंह के इस बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। लंबे समय तक मोकामा की राजनीति में सक्रिय रहे अनंत सिंह अब राष्ट्रीय राजनीति में अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं।
नवादा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह किस पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उनकी उम्मीदवारी को लेकर भी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
अनंत सिंह (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
अनंत सिंह का राजनीतिक सफर करीब दो दशक पुराना है। उन्होंने वर्ष 2005 में जदयू के टिकट पर मोकामा विधानसभा सीट से पहली बार जीत दर्ज की थी। इसी साल दोबारा हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की।
इसके बाद वर्ष 2010 में जदयू, 2015 में निर्दलीय और 2020 में राजद के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता। वर्ष 2025 में उन्होंने एक बार फिर जदयू के टिकट पर मोकामा से जीत हासिल की। इस तरह अनंत सिंह छह बार मोकामा से विधायक चुने जा चुके हैं। अलग-अलग दलों के टिकट पर चुनाव लड़ने के बावजूद मोकामा में उनका चुनावी प्रभाव बना रहा है।
वर्ष 2022 में अनंत सिंह की विधायकी समाप्त होने के बाद मोकामा विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था। इस चुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने राजद के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही मोकामा की राजनीति में उनके परिवार का प्रतिनिधित्व बरकरार रहा।
अब अनंत सिंह की लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा को उनके राजनीतिक करियर में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। मोकामा में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाले अनंत सिंह नवादा में कितना चुनावी प्रभाव दिखा पाएंगे, यह आने वाला समय बताएगा। फिलहाल उनके बयान ने बिहार की सियासत में नई अटकलों को हवा दे दी है।
Location : New Delhi
Published : 29 November 2026, 12:36 PM IST