मारुति डिजायर को चुनौती देने आई Tata Aeris, CNG वेरिएंट में भी मिलेंगे ये दमदार फीचर्स

टाटा मोटर्स ने अपनी नई कॉम्पैक्ट सेडान Tata Aeris लॉन्च कर दी है। यह कार टिगोर की जगह बाजार में उतारी गई है और इसका मुकाबला मारुति सुजुकी डिजायर, हुंडई ऑरा और होंडा अमेज जैसी कारों से होगा। नई एरिस में 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा और CNG वेरिएंट जैसे कई फीचर्स दिए गए...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 September 2026, 4:45 PM IST

New Delhi: भारतीय कार बाजार में कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में मुकाबला और तेज हो गया है। टाटा मोटर्स ने अपनी नई कार Tata Aeris को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस कार को टिगोर के रिप्लेसमेंट के तौर पर बाजार में उतारा है। नई एरिस में डिजाइन के साथ-साथ सेफ्टी और टेक्नोलॉजी फीचर्स पर खास फोकस किया गया है। टाटा का दावा है कि इस कार को निजी ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी डिजायर, हुंडई ऑरा और होंडा अमेज जैसी लोकप्रिय कारों से होगा।

नए डिजाइन और प्रीमियम फीचर्स के साथ आई Aeris

Tata Aeris में कंपनी ने कई आधुनिक फीचर्स शामिल किए हैं। कार में 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, इन-बिल्ट डैशकैम, लेदर सीट्स और वेंटिलेटेड सीट्स जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा कार में 360 डिग्री कैमरा और 6 एयरबैग जैसे सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं। इंटीरियर की बात करें तो इसका डिजाइन काफी हद तक टाटा टियागो से मिलता-जुलता है।

CNG वेरिएंट में भी मिलेगी खास टेक्नोलॉजी

टाटा ने Aeris को पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों में लॉन्च किया है। कंपनी की दूसरी कारों की तरह इसमें भी डुअल CNG सिलेंडर टेक्नोलॉजी दी गई है। इस कार का CNG वेरिएंट ऑटोमैटिक मैनुअल ट्रांसमिशन (AMT) के साथ भी उपलब्ध होगा। कंपनी के अनुसार कार सीधे CNG मोड में स्टार्ट हो सकती है। इसमें 70 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है।

सेफ्टी पर कंपनी का खास जोर

Tata Aeris में सुरक्षा को लेकर कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। इसमें DVR, TPMS, ब्लाइंड व्यू मॉनिटरिंग, रोल ओवर मिटिगेशन, हिल होल्ड कंट्रोल, कॉर्नर स्टेबिलिटी कंट्रोल, पोस्ट क्रैश SOS सपोर्ट और पोस्ट क्रैश पैनिक नोटिफिकेशन जैसे फीचर्स शामिल हैं। कंपनी ने कार की मजबूती दिखाने के लिए एक सेफ्टी टेस्ट भी किया, जिसमें CNG वेरिएंट के ऊपर ट्रक से मलबा गिराया गया। कंपनी के मुताबिक टेस्ट के बाद भी कार को आसानी से चलाया गया।

इंजन और पावर की जानकारी

Tata Aeris में पेट्रोल इंजन 86 PS की पावर और 113 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं CNG वेरिएंट 75.5 PS की पावर और 96.5 Nm का टॉर्क देता है। कार में 170 mm का ग्राउंड क्लियरेंस मिलता है। कंपनी का कहना है कि इसके सस्पेंशन को भारतीय सड़कों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। AMT मॉडल में कॉम्पैक्ट गियर नॉब के साथ पैडल शिफ्टर भी दिए गए हैं।

कीमत और बुकिंग डिटेल

Tata Aeris की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.29 लाख रुपये रखी गई है। वहीं CNG वेरिएंट की कीमत 6.29 लाख रुपये से शुरू होती है। कार का पेट्रोल टॉप वेरिएंट 8.19 लाख रुपये और टॉप CNG वेरिएंट 9.19 लाख रुपये एक्स-शोरूम कीमत पर आएगा। कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और डिलीवरी नवरात्रि के पहले दिन से शुरू होने की जानकारी दी है। टाटा ने Aeris को मारुति सुजुकी डिजायर से करीब 1 लाख रुपये कम शुरुआती कीमत पर उतारा है, जिससे इस सेगमेंट में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

Location :  New Delhi

Published :  25 September 2026, 4:45 PM IST