अखबार के विज्ञापन और दलालों की छुट्टी! अब AI तय करेगा आपकी पुरानी कार की सही कीमत, यूपी से महाराष्ट्र तक बड़ा बदलाव

भारत में पुरानी कारों का बाजार तेजी से हाईटेक हो रहा है। वित्त वर्ष 2026 में 60 लाख और 2031 तक 1 करोड़ पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का अनुमान है। अब AI, एस्क्रो अकाउंट और होम डिलीवरी जैसी तकनीकें इस असंगठित बाजार की तस्वीर बदल रही हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 14 July 2026, 2:32 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारत में कभी पुरानी गाड़ी खरीदना या बेचना किसी सिरदर्द से कम नहीं था। स्थानीय डीलरों के चक्कर काटना, गाड़ियों के मीटर से छेड़छाड़ का डर और कागजी कार्रवाई की लंबी सुस्ती इस बाजार की पहचान थी। लेकिन अब यह पूरी कहानी डिजिटल रफ्तार पकड़ चुकी है।

हाल ही में आई यूबीएस (UBS) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का यूज्ड कार मार्केट अब केवल गाड़ियों की लिस्टिंग तक सीमित नहीं रह गया है। यह बाजार पूरी तरह टेक-सपोर्टेड बन रहा है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक कार इवैल्यूएशन जैसी आधुनिक तकनीकों के जरिए ग्राहक घर बैठे ही डील फाइनल कर रहे हैं।

2026 में अब तक इतनी गाड़ियों को खरीदा और बेचा गया

भारतीयों के कार चलाने और उसे बदलने के लाइफस्टाइल में भी बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां लोग औसतन साढ़े पांच साल तक एक गाड़ी का इस्तेमाल करते थे, वहीं अब यह समय घटकर केवल साढ़े चार साल रह गया है।

इस तेजी से बदलते ट्रेंड के कारण वित्त वर्ष 2026 में करीब 60 लाख पुरानी कारों की खरीद-बिक्री होने का अनुमान है, जो साल 2031 तक बढ़कर 1 करोड़ के पार पहुंच जाएगी।

इतना ही नहीं, ग्राहकों की पसंद अब कबाड़ गाड़ियों के बजाय बेहतर क्वालिटी और नए मॉडल्स की तरफ है, जिसके चलते सेकंड हैंड कारों की औसत कीमत भी 5 लाख से बढ़कर लगभग 6.9 लाख रुपये तक पहुंचने वाली है।

एस्क्रो अकाउंट और होम डिलीवरी

इस बाजार में सबसे बड़ा गेमचेंजर सुरक्षा और पारदर्शिता बन रही है। भारत में अभी भी लगभग 80 फीसदी यूज्ड कार मार्केट असंगठित है, जिसे सुरक्षित बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स अब 'एस्क्रो अकाउंट' (Escrow Account) और सुरक्षित ऑनलाइन भुगतान जैसी सुविधाएं ला रहे हैं।

इससे खरीदार का पैसा तब तक सुरक्षित रहता है जब तक कि गाड़ी की कागजी कार्रवाई पूरी न हो जाए। इसके अलावा, पुरानी गाड़ियों की 'होम डिलीवरी' और डिजिटल लोन अप्रूवल जैसी सुविधाओं ने ग्राहकों को शोरूम जाए बिना ही कार खरीदने का एक नया और सुरक्षित अनुभव दिया है।

AI और ऑनलाइन नीलामी का नया युग

इस पूरी ग्रोथ स्टोरी का सबसे दिलचस्प पहलू AI का प्रवेश है। AI अब केवल कारों की सिफारिश नहीं कर रहा, बल्कि यह ग्राहक के बजट, जरूरत और ड्राइविंग पैटर्न के हिसाब से सटीक कार का मिलान करता है।

दूसरी तरफ, बैंक, बीमा कंपनियां और बड़े फ्लीट ऑपरेटर्स भी जब्त की गई गाड़ियों को बेचने के लिए ऑनलाइन लाइव ऑक्शन का सहारा ले रहे हैं। तकनीकी रूप से पूरी तरह बदल रहा यह डिजिटल बाजार आने वाले समय में पूरी तरह 'वन-स्टॉप-शॉप' बन जाएगा, जहां एक क्लिक पर कार की जांच से लेकर बीमा, ट्रांसफर और होम डिलीवरी तक सब कुछ संभव होगा।

Location :  New Delhi

Published :  14 July 2026, 2:32 PM IST

Related News

Advertisement