
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
New Delhi: बढ़ती महंगाई और पेट्रोल की कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। ऐसे समय में जब देश में ईंधन की बढ़ती कीमतों से करोड़ों लोग परेशान हैं, एक अच्छी माइलेज वाली मोटरसाइकिल की अहमियत काफी बढ़ गई है। अच्छी बात यह है कि भारतीय बाजार में आज भी ऐसी कई बाइक्स मौजूद हैं जो न केवल कम कीमत में आती हैं, बल्कि चलाने में भी बेहद किफायती हैं। यदि आप 80,000 रुपये के बजट के अंदर मोटरसाइकिल ढूंढ रहे हैं, तो हीरो, बजाज और होंडा की ये लिस्ट आपके काम आ सकती है।
जब बात भरोसे और माइलेज की आती है, तो हीरो स्प्लेंडर सबसे पसंदीदा नाम है। हीरो स्प्लेंडर प्लस (Hero Splendor Plus) देश की टॉप सेलिंग बाइक है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 76,177 रुपये है और यह 70 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देती है। इसी का स्मार्ट वर्जन 'स्प्लेंडर प्लस एक्सटेक' (Splendor Plus XTEC) उन लोगों के लिए है जो एडवांस फीचर्स चाहते हैं। 79,703 रुपये की कीमत वाली यह बाइक 73 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है, जो इस बजट में सबसे ज्यादा है।
बजाज ऑटो की बाइक्स हमेशा से ही कम आय वर्ग वाले लोगों की पहली पसंद रही हैं। बजाज प्लैटिना 100 (Bajaj Platina 100) की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत सिर्फ 68,711 रुपये है। वहीं, रफ-एंड-टफ इस्तेमाल के लिए बजाज सीटी 110एक्स (CT 110X) एक बढ़िया विकल्प है, जिसकी कीमत 70,000 रुपये से शुरू होती है। ये दोनों बाइक्स 70 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देने में सक्षम हैं। थोड़ा और परफॉर्मेंस चाहने वालों के लिए प्लैटिना 110 भी मौजूद है, जिसकी कीमत 72,428 रुपये है।
होंडा ने अपनी शाइन 100 (Honda Shine 100) के जरिए कम बजट सेगमेंट में जोरदार एंट्री की है, जिसकी कीमत सिर्फ 65,393 रुपये है। इसका दूसरा मॉडल शाइन 100 डीएक्स 71,896 रुपये में आता है और 65 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देता है।
वहीं, अगर आपका बजट बहुत ही टाइट है, तो हीरो मोटोकॉर्प की एचएफ सीरीज आपके लिए वरदान है। हीरो एचएफ डीलक्स (HF Deluxe) की शुरुआती कीमत मात्र 58,977 रुपये है, जबकि एचएफ 100 (HF 100) को आप 59,839 रुपये में खरीद सकते हैं। ये दोनों बाइक्स 70 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज निकाल कर देती हैं।
Car AC Tips: आपकी एक गलती कार का माइलेज घटा रही है, जानिए AC चलाने का सही तरीका
युवाओं के बीच लोकप्रिय हीरो पैशन प्लस (Passion Plus) भी 80,000 रुपये के बजट के करीब है। 79,191 रुपये की एक्स-शोरूम कीमत वाली यह बाइक 70 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है, जो स्टाइल और बचत का एक शानदार मिश्रण पेश करती है।
Location : New Delhi
Published : 15 May 2026, 12:38 PM IST