Video | Malviya Nagar Fire | दिल्ली के रेस्टोरेंट में आग का तांडव! 20 से ज्यादा लोग जलकर मरे, 35 लोग होटल में फंसे

राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्तरां में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। देखियें खौफनाक वीडियो।

Post Published By: Komal Pandey
Updated : 3 June 2026, 1:11 PM IST

New Delhi: राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्तरां में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, रेस्तरां बिल्डिंग के नीचे बेसमेंट में संचालित किया जा रहा था। सुबह अचानक आग लगने के बाद लपटें तेजी से पूरे भवन में फैल गईं और देखते ही देखते पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई। आग का विकराल रूप देखकर कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से नीचे छलांग लगा दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद भवन में धुआं भर गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने में काफी कठिनाई हुई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

फायर ब्रिगेड के अनुसार, सुबह करीब 8:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। राहत अभियान के दौरान बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि हादसे में 12 से 14 लोगों की मौत होने की आशंका है। वहीं, यह भी संभावना जताई जा रही है कि कुछ लोग अभी भी इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। बचाव कार्य लगातार जारी है।

नेहरू प्लेस फायर स्टेशन के डिविजनल ऑफिसर रविंदर मौके पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

बिल्डिंग से नीचे गद्दों में कूदे लोग

इसी क्रम में DDMA (साउथ डिस्ट्रिक्ट) के SDM जितेंद्र कुमार ने कहा, "जैसे ही हमें कॉल मिली, हमने तुरंत DDMA सेल को एक्टिवेट कर दिया। हमें पता चला है कि इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्टोरेंट चल रहा था। आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। घायलों समेत 7-8 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। ऊपर के फ्लोर पर मौजूद कुछ लोगों ने, स्थानीय लोगों द्वारा सड़क पर बिछाए गए गद्दों पर कूदकर अपनी जान बचाई।"

Location :  New Delhi

Published :  3 June 2026, 12:32 PM IST