Video | Malviya Nagar Fire | अग्निकांड के आरोपी Lovkesh Bajaj को कोर्ट ने 4 दिन की रिमांड, अब होटल पर होगी ये कार्रवाई

दिल्ली के मालवीय नगर में हुए चर्चित फायर हादसे की जांच अब तेज हो गई है। मामले में मुख्य आरोपी लवकेश बजाज को दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 4 June 2026, 3:37 PM IST

New Delhi: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए चर्चित फायर हादसे की जांच अब तेज हो गई है। मामले में मुख्य आरोपी लवकेश बजाज को दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस ने कोर्ट में बताई हिरासत की जरूरत

सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि मामले की तह तक पहुंचने और कई अहम तथ्यों की जांच के लिए आरोपी की हिरासत जरूरी है। पुलिस का कहना है कि होटल से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य तकनीकी जानकारियों को जुटाने के लिए पूछताछ की आवश्यकता है।

लवकेश बजाज ने रिमांड का किया विरोध

वहीं आरोपी लवकेश बजाज ने पुलिस रिमांड का विरोध करते हुए अदालत में कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और उसे हिरासत में लेने की आवश्यकता नहीं है। उसके वकील ने यह भी आरोप लगाया कि अभी तक उन्हें एफआईआर की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के विपरीत है।

FIR कॉपी को लेकर पुलिस का आश्वासन

इस मुद्दे पर दिल्ली पुलिस ने अदालत को भरोसा दिलाया कि एफआईआर की कॉपी जल्द ही उपलब्ध करा दी जाएगी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी।

MCD से मांगा गया स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्वे

मामले की जांच के तहत दिल्ली पुलिस ने एमसीडी को पत्र लिखकर संबंधित इमारत का स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्वे कराने का अनुरोध किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि भवन सुरक्षा मानकों का पालन कर रहा था या नहीं।

BSES से भी मांगी गई बिजली व्यवस्था की रिपोर्ट

इसके अलावा बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस से भी इमारत के बिजली कनेक्शन और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं आग लगने की वजह बिजली से जुड़ी कोई तकनीकी खामी तो नहीं थी।

कई पहलुओं पर जारी है जांच

दिल्ली पुलिस फिलहाल होटल संचालन, सुरक्षा इंतजाम, भवन की संरचना और बिजली व्यवस्था समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  4 June 2026, 3:32 PM IST