IAS Divya Mittal: इस्तीफे के बाद पहली बार बोलीं दिव्या मित्तल, राजनीति में जाने के सवाल पर दिया ऐसा जवाब

IAS Divya Mittal के इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। राजनीति से लेकर निजी क्षेत्र तक कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इसी बीच दिव्या मित्तल ने अपने भविष्य को लेकर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उनके जवाब ने फिलहाल कई सवालों को खुला छोड़ दिया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 31 August 2026, 1:46 PM IST

Deoria: राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद से इस्तीफा देने वाली आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने भविष्य को लेकर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उनके इस्तीफे के बाद राजनीति में जाने, बिजनेस शुरू करने या किसी निजी कंपनी से जुड़ने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, दिव्या मित्तल ने फिलहाल अपने अगले कदम को लेकर स्थिति साफ नहीं की है।

इस्तीफे के बाद क्या बोलीं दिव्या मित्तल?

मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान दिव्या मित्तल से जब उनके आगे के प्लान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी आगे के बारे में कुछ नहीं सोचा है। राजनीति में जाने, बिजनेस करने या किसी कंपनी में नौकरी करने के सवाल पर भी उन्होंने कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि जब भी कोई निर्णय लेंगी, उसे सार्वजनिक करेंगी। उनके इस जवाब के बाद उनके अगले कदम को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल विराम नहीं लगा है।

इस्तीफे के बाद तेज हुए कयास

दिव्या मित्तल के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर अलग-अलग चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई उनके राजनीति में आने की संभावना जता रहा है तो किसी की नजर उनके प्रशासनिक अनुभव के बाद निजी क्षेत्र में जाने पर है।

हालांकि, दिव्या मित्तल ने खुद इन सभी संभावनाओं पर अभी कोई फैसला नहीं होने की बात कही है।

देवरिया में करीब दो साल रहा कार्यकाल

दिव्या मित्तल का देवरिया जिलाधिकारी के रूप में करीब दो वर्ष का कार्यकाल भी काफी चर्चा में रहा। उन्होंने 14 जुलाई 2024 की देर शाम जिले के 68वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। करीब दो वर्ष बाद छह मई 2026 को उनका तबादला कर दिया गया और उनकी जगह मधुसूदन हुल्गी को नया जिलाधिकारी बनाया गया।

जनप्रतिनिधियों से दो टूक संवाद रहा चर्चा में

देवरिया में डीएम रहते हुए प्रशासनिक फैसलों के साथ जनप्रतिनिधियों से उनके दो टूक संवाद की भी चर्चा हुई। तीन जुलाई 2025 को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक में उनका एक बयान काफी सुर्खियों में आया था।

बैठक में बरहज विधायक दीपक मिश्र शाका ने एक महिला शिक्षिका के वेतन से जुड़ा मामला उठाया था। इसी दौरान तबादले को लेकर विवाद बढ़ने पर दिव्या मित्तल ने शासनादेश का हवाला देते हुए कहा था कि किसी भी जनप्रतिनिधि को किसी अधिकारी पर तबादले के लिए दबाव बनाने का अधिकार नहीं है।

सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहीं

दिव्या मित्तल के कार्यकाल के दौरान उनकी प्रशासनिक गतिविधियों के साथ सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सक्रियता भी देखने को मिली। महिलाओं और युवाओं को विभिन्न कार्यक्रमों में आगे बढ़ाने और उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी उन्होंने जोर दिया।

किताब भी हो चुकी है प्रकाशित

दिव्या मित्तल की 'द क्राफ्टेड जीनियस' पुस्तक भी हाल में प्रकाशित हुई है। इसमें उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी से जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभव और रणनीति साझा की है।

अब इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम पर सबकी नजर है। दिव्या मित्तल ने फिलहाल कोई निर्णय नहीं लेने की बात कही है, लेकिन उन्होंने यह जरूर स्पष्ट किया है कि भविष्य में जो भी फैसला लेंगी, उसे सार्वजनिक करेंगी।

Location :  Deoria

Published :  31 August 2026, 1:46 PM IST