
तुंगनाथ ट्रेक पर खौफनाक हादसा (Img- Pinterest)
Rudraprayag: उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक और साहसिक स्थल तुंगनाथ ट्रेक से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार देर शाम गणेश मंदिर के पास एक महिला अनियंत्रित होकर बेहद गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी गई, जिसके तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें हरकत में आ गईं और बिना वक्त गंवाए मौके के लिए रवाना हुईं।
हादसे वाली जगह काफी दुर्गम और गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF अगस्त्यमुनि, DDRF ऊखीमठ, स्थानीय पुलिस बल और आपदा मित्रों की संयुक्त टीमों को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया।
रेस्क्यू टीमों ने टॉर्च और आधुनिक उपकरणों के सहारे पूरी रात गहरी खाई और पथरीले रास्तों में महिला की तलाश की। हालांकि, घना अंधेरा और विकट भौगोलिक परिस्थितियां बाधा बनती रहीं, जिसके चलते रात करीब 12:30 बजे अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
युवराज हत्याकांड: 6 सितंबर को दिल्ली से लापता, उत्तराखंड से पकड़ा कातिल, ऐसे खुला राज
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सोमवार तड़के से ही रेस्क्यू टीमों ने फिर से खाई में उतरकर व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। खाई के कोने-कोने को खंगाला जा रहा है ताकि महिला का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
खबर लिखे जाने तक खाई में गिरी महिला की पहचान और वह कहां की रहने वाली थी, इसके बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस और प्रशासन महिला के परिजनों या उसके साथ आए साथी यात्रियों का पता लगाने में जुटे हुए हैं।
Location : Rudraprayag
Published : 21 September 2026, 9:34 AM IST