नैनीताल में ड्यूटी के दौरान बवाल, पुलिसकर्मियों से मारपीट, जानिये क्यों बिगड़ा शांत माहौल

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भुजियाघाट क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ दी और जान से मारने की धमकी दी।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 28 June 2026, 7:11 PM IST

Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भुजियाघाट क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की, एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस ने पांच नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

होटल से बिना भुगतान निकलने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, ज्योलीकोट चौकी में तैनात कांस्टेबल श्याम सिंह और PRD जवान भूपाल सिंह खाती बीती रात यातायात व्यवस्था संभालने के लिए भुजियाघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि लाल रंग की एक कार में सवार कुछ लोग होटल में भोजन करने के बाद बिना भुगतान किए ज्योलीकोट की ओर निकल गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट पर वाहन का इंतजार करने लगे।

बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों से मारपीट

पुलिस का कहना है कि वाहन आने से पहले ही वहां मौजूद कुछ युवकों ने सूचना देने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सड़क पर हंगामा होने से जाम जैसी स्थिति बन गई। जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, तब आरोप है कि 10 से 15 युवकों ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी गई।

रास्ता रोककर दी जान से मारने की धमकी

पुलिस के अनुसार, जब सूचना देने वाले व्यक्ति को सुरक्षा के लिए चौकी ले जाया जा रहा था, तब आरोपितों ने रास्ता रोक लिया और पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के एकत्र होने पर आरोपी अपनी कार लेकर वहां से फरार हो गए।

पांच नामजद और आठ अज्ञात पर मुकदमा

ज्योलीकोट चौकी में तैनात कांस्टेबल राजेंद्र कुमार जोशी की तहरीर पर तल्लीताल कोतवाली पुलिस ने भुजियाघाट निवासी कुबेर जीना, हर्षित जीना, कौशल जीना, मनीष खाती और हिमांशु बिष्ट समेत पांच नामजद तथा आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Nainital

Published :  28 June 2026, 7:11 PM IST