कुमाऊं को जल्द मिलेगी 44 करोड़ की सौगात, बन रहा अत्याधुनिक मानसिक अस्पताल, जानें कब तक होगा काम पूरा

कुमाऊं में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला 44 करोड़ की लागत से बन रहा अत्याधुनिक मानसिक अस्पताल तेजी से आकार ले रहा है। भीमताल ब्लॉक के गेठिया सेनेटोरियम परिसर में निर्माणाधीन इस अस्पताल का ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने निरीक्षण किया और जल व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की।

Nainital: कुमाऊं में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 44 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा अत्याधुनिक मानसिक अस्पताल अब तेजी से आकार ले रहा है। नैनीताल जिले के भीमताल ब्लॉक में भवाली के पास स्थित गेठिया सेनेटोरियम परिसर में यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों को आधुनिक मानसिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा। शनिवार को ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थल का दौरा किया और निर्माण कार्य की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने चल रहे काम की गति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

नई जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी

निरीक्षण के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि अस्पताल परिसर में फिलहाल स्थायी जल आपूर्ति की व्यवस्था नहीं है। पानी जैसी बुनियादी जरूरत को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख ने जल संस्थान, जल निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल और आस-पास के गेठिया गांव को भविष्य में किसी भी तरह की जल समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए परिसर में बोरिंग कर नई जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बोरिंग के लिए स्थल भी चिह्नित कर लिया गया है और इसे प्राक्कलन में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है।

कुमाऊ मंडल के लिए एक बड़ी सौगात साबित

डॉ. बिष्ट ने कहा कि यह परियोजना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और कुमाऊ मंडल के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी। उनके अनुसार अस्पताल के बन जाने के बाद नैनीताल ही नहीं, पूरे कुमाऊं के निवासियों को मानसिक स्वास्थ्य के लिए बड़े शहरों या दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक सुविधाओं से लैस यह संस्थान क्षेत्रवासियों के लिए अत्यधिक उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण कार्य की गति और तेज करने के साथ गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखने को कहा।

लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा

निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रही संस्था के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण के दौरान बताया कि अब तक लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। भवन का लगभग पूरा स्ट्रक्चर बन चुका है और आंतरिक प्लास्टर, इलेक्ट्रिकल फिटिंग और अन्य तकनीकी कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। संस्था ने विश्वास दिलाया कि वर्ष 2026 के अंत तक अस्पताल पूरी तरह तैयार कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके बाद अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी व्यापक सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।

मौके पर ये लोग मौजूद रहे

निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख के साथ अजय कुमार, विक्की कुमार, कुंदन जीना, राजू बिष्ट, नवीन बिष्ट, कमल के अलावा ब्रिडकुल, जल संस्थान, जल निगम, स्वास्थ्य विभाग और ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर निर्माण कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 6 December 2025, 10:28 PM IST