Haldwani News: राख की ढेरी में तब्दील हुई 3 मंजिला शराब की दुकान, तिकोनिया चौराहे पर मची अफरातफरी

हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों नहीं बल्कि करोड़ों का नुकसान होने की आशंका है। फायर सर्विस ने समय रहते आग पर काबू पाकर बड़ा हादसा टाल दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 5:15 PM IST

Nainital / Haldwani : शहर के व्यस्त तिकोनिया चौराहे के पास स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

तड़के 1:50 बजे मिली सूचना

जानकारी के अनुसार मंगलवार करीब 1:50 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी को दुकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि दुकान का शटर बंद था और अंदर से तेज लपटें उठ रही थीं। शटर खोलकर अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

तीन मंजिलों तक फैली आग

बताया जा रहा है कि आग दुकान के तीनों मंजिलों तक फैल चुकी थी, जहां बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया।

दुकान के भीतर सुलग रहा था सिलेंडर

Nainital news: परीक्षा का तनाव बना जानलेवा, नैनीताल में 19 साल के छात्र की मौत

अग्निशमन अभियान के दौरान दुकान के भीतर रखा 19 किलो का एलपीजी सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया था। टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकालकर ठंडा किया, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने से बच गया।

Location :  Nainital / Haldwani

Published :  2 June 2026, 5:15 PM IST