हिंदी
तपोवन टनल में कैविटी से पानी का रिसाव (IMG: Dynamite News)
Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले से तपोवन विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना से बड़ी खबर सामने आई है। निर्माणाधीन टनल के अंदर छोटी कैविटी बनने के बाद पानी का रिसाव शुरू हो गया। कैविटी दिखाई देने के बाद एहतियात के तौर पर टनल में काम कर रहे श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया है। प्रभावित हिस्से में फिलहाल काम रोककर कैविटी के ट्रीटमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एनटीपीसी के मुताबिक 15 अगस्त की सुबह टनल के अंदर छोटी कैविटी दिखाई दी। प्रबंधन ने इसे टनलिंग के दौरान बनने वाली सामान्य स्थिति बताया है और कहा है कि इससे किसी तरह के खतरे की बात नहीं है। हालांकि सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित हिस्से में काम रोक दिया गया है।
Chamoli: माता अनुसूया मेले को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, जनप्रतिनिधियों संग की मीटिंग
कैविटी से पानी का रिसाव भी हो रहा है। एनटीपीसी के मुताबिक बरसात के मौसम में टनल के अंदर पानी का रिसाव बढ़ना सामान्य है। प्रभावित हिस्से में विशेषज्ञ श्रमिकों की टीम लगाई गई है और आधुनिक मशीनों की मदद से कैविटी के ट्रीटमेंट का काम शुरू कर दिया गया है।
एनटीपीसी का कहना है कि कैविटी का उपचार पूरा होने के बाद ही उस हिस्से में टनलिंग का काम दोबारा शुरू किया जाएगा। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Chamoli: धौली गंगा में बन रही झील ने बढ़ाया खतरा, वैज्ञानिक बोले- कभी भी आ सकती बड़ी आपदा
तपोवन परियोजना वही जगह है, जहां 7 फरवरी 2021 की भीषण जलप्रलय ने भारी तबाही मचाई थी। रौंठी ग्लेशियर टूटने के बाद ऋषिगंगा और धौलीगंगा नदी में अचानक बाढ़ आ गई थी। ऋषिगंगा पावर प्रोजेक्ट पूरी तरह तबाह हो गया था, जबकि तपोवन एनटीपीसी परियोजना के बैराज और मुख्य टनल में कई किलोमीटर तक मलबा और पानी घुस गया था।
इस आपदा में 206 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई लोग लापता हो गए थे।
फिलहाल एनटीपीसी ने मौजूदा स्थिति को सामान्य बताया है। निगम संवाद अधिकारी राजेंद्र सिंह जयाड़ा के मुताबिक किसी भी तरह की चिंता की बात नहीं है और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कैविटी का उपचार कराया जा रहा है।
Location : Chamoli
Published : 16 August 2026, 6:52 PM IST