
फांसी
Sonbhadra: जिले के रम्पाकुरर गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई। जब एक युवती का शव घर के अंदर संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे से लटका मिला। शुरुआती जानकारी में मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन जिस तरह घटना से ठीक पहले फोन पर विवाद हुआ। उसने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। पुलिस अब हर एंगल से जांच में जुटी है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
मृतका की पहचान सुकमन पुत्री अमरजीत के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10 बजे सुकमन मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी। इसी दौरान उसकी किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। चचेरे भाई बल्लू ने बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान वह काफी गुस्से में थी और उसने उसे वहां से डांटकर भगा दिया था।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के बाकी सदस्य महुआ बीनने के लिए बाहर गए हुए थे। सुकमन घर में अकेली थी। कुछ देर तक घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों को शक हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए।
परिजनों ने देखा कि सुकमन दुपट्टे के सहारे बड़ेर में फांसी के फंदे से लटकी हुई थी। यह नजारा देखते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक दिन्नु प्रसाद यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने लाई जा सके।
Location : Sonbhadra
Published : 23 March 2026, 10:06 PM IST