Weather Update: यूपी में आंधी-बारिश से भारी नुकसान, 60 की चली गई जान, जानिए आज कितनी जगह अलर्ट

उत्तर प्रदेश में दो दिन से आंधी-बारिश कहर बरपा रही है। अब तक 60 से अधिक लोगों की जान चली गई है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 23 May 2025, 11:32 AM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में दो दिन से आंधी-बारिश तबाही मचा रही है। पिछले 48 घंटों में प्रदेश के 64 जिलों में तूफानी बारिश हुई है। सरकारी अनुमान के मुताबिक, आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 60 से अधिक लोगों की जान चली गई। सबसे ज्यादा 6 लोगों की मौत फतेहपुर जिले में होना बताया गया है। खराब मौसम के चलते लखनऊ से दिल्ली के बीच चार उड‍़ाने निरस्त हो गईं। बारिश के मामले में अभी तक सीएम योगी का क्षेत्र गोरखपुर यूपी में सबसे ऊपर है। जहां 74 मिमी बारिश हुई है। वहीं, वेस्ट यूपी में मेरठ 27.6 मिमी बारिश के साथ पहले नंबर पर है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मौसम विभाग ने शुक्रवार को यूपी के 61 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। प्रदेश में 30 मई तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में अचानक अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को यूपी में झांसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां का पारा 46.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

यूपी में तेज हवा के साथ बारिश (फाइल फोटो)

CM का फरमान फील्ड में उतरें अफसरान

ऐसे में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को फील्ड पर उतरने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अफसर राहत कार्य पर नजर रखें। प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें। घायलों का समुचित उपचार कराया जाए। फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट भेजें, ताकि प्राकृतिक आपदा से पीड़ितों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जा सके।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिन यानी शनिवार, रविवार और सोमवार को हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई गई है। बताया गया है कि 24 मई को पूरे यूपी में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। 25 मई का पूरे प्रदेश में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ओले गिरने का अनुमान है। वहीं, 26 मई को पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना जताई जा रही है, जबकि पूर्वी यूपी में बादल छाए रहेंगे। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे के बीच हो सकती है।

Location :  Lucknow

Published :  23 May 2025, 11:22 AM IST