Varanasi News: गेट पास जरूरी, नकद नहीं चलेगा! काशी विद्यापीठ में अब एडमिशन का सिस्टम पूरी तरह डिजिटल

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दाखिले की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। बीएससी बायो में 96 को सीट मिला, अब बीकॉम की बारी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 8 July 2025, 5:35 PM IST

वाराणसी: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीएससी (बायो) कोर्स में काउंसिलिंग के लिए सोमवार को कुल 98 अभ्यर्थी पहुंचे, जिनमें से 96 छात्रों ने अंतिम रूप से दाखिला लिया। काउंसिलिंग और दस्तावेज सत्यापन के बाद छात्रों को मौके पर ही परिचय पत्र (ID Card) और लाइब्रेरी कार्ड भी सौंपे गए। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यह प्रक्रिया सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।

बीकॉम की काउंसिलिंग 8-9 जुलाई को

प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने जानकारी दी कि बीकॉम कोर्स में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 8 और 9 जुलाई को निर्धारित की गई है। जिन छात्रों को ई-मेल के माध्यम से काउंसिलिंग के लिए आमंत्रण लिंक भेजा गया है, उन्हें तय समय पर सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना आवश्यक है।

प्रो. कामिल ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाणपत्र, उनके एक-एक सेट फोटोस्टेट, छह पासपोर्ट साइज फोटो, और यदि लागू हो तो कैटेगरी प्रमाणपत्र लेकर आना होगा। इसके साथ ही, ई-मेल में भेजे गए लिंक के माध्यम से गेट पास डाउनलोड कर उसे साथ लाना भी अनिवार्य होगा।

बीएससी बायो में 96 छात्रों को मिला दाखिला

बिना गेट पास के नहीं मिलेगा प्रवेश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना गेट पास के किसी भी अभ्यर्थी को काउंसिलिंग सेंटर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। गेट पास पर अभ्यर्थी की जानकारी, समय और स्थान स्पष्ट रूप से अंकित रहेगा। काउंसिलिंग सुबह 10:30 बजे वाणिज्य संकाय भवन में शुरू होगी।

शुल्क भुगतान केवल ऑनलाइन मोड में

प्रो. कामिल ने बताया कि काउंसिलिंग के बाद दाखिले की पुष्टि के लिए उसी दिन ऑनलाइन शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। शुल्क भुगतान के लिए विश्वविद्यालय ने पेटीएम, गूगल पे, यूपीआई, डेबिट कार्ड जैसे सुविधाजनक माध्यम तय किए हैं। विश्वविद्यालय ने साफ कहा है कि नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।

शुल्क जमा करने के तुरंत बाद छात्रों को परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड काउंसिलिंग स्थल पर ही जारी कर दिए जाएंगे, ताकि उन्हें आगे किसी तरह की असुविधा न हो।

विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह सतर्क

इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश सेल, सुरक्षा विभाग और आईटी टीम को सक्रिय किया है। काउंसिलिंग स्थल पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं ताकि छात्रों को किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता में समस्या न हो।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में इस बार दाखिले की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटलीकृत और पारदर्शी हो रही है। बीएससी बायो में सफलतापूर्वक काउंसिलिंग और दाखिले के बाद अब सबकी निगाहें बीकॉम प्रवेश प्रक्रिया पर टिकी हैं।

Location : 
  • Varanasi

Published : 
  • 8 July 2025, 5:35 PM IST