प्रयागराज में छात्र की मौत पर बवाल; शव सड़क पर रखकर परिजनों ने लगाया जाम

कौशांबी में बीए की परीक्षा देने जा रहे 25 वर्षीय निखिल की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने प्रयागराज-कौशांबी मार्ग पर जाम लगा दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 November 2026, 2:50 PM IST

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीए प्रथम वर्ष के छात्र की मौत हो गई। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गांजा और गौसपुर कटहुला गांव के बीच ससुर खदेरी नदी पर बने पुल पर बाइक सवार छात्र को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। दुर्घटना करने वाले वाहन की बरामदगी की मांग को लेकर करीब पांच घंटे तक शव घटनास्थल पर पड़ा रहा।

बाइक से परीक्षा देने जा रहा था निखिल

एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गांजा गांव निवासी मानसिंह का 25 वर्षीय बेटा निखिल सिंह कादिलपुर स्थित बीबीएस डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसकी परीक्षा का केंद्र गौसपुर कटहुला गांव स्थित केपी कॉलेज में बनाया गया था।

शनिवार सुबह करीब सात बजे निखिल बाइक से परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान ससुर खदेरी नदी पर बने पुल पर एक पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों को निखिल के लहूलुहान हालत में पड़े होने की सूचना दी।

वाहन की बरामदगी पर अड़े परिजन और ग्रामीण

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की बरामदगी की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने शव देने से इनकार कर दिया। इसके चलते करीब पांच घंटे तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा।

प्रयागराज-कौशांबी मार्ग पर लगाया जाम

दोपहर करीब एक बजे परिजन शव लेकर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के समीप स्थित मोहनी चौराहे पर पहुंचे। यहां उन्होंने शव सड़क पर रखकर प्रयागराज-कौशांबी मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजन और ग्रामीण दुर्घटना करने वाले वाहन की बरामदगी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास करती रही।

Location :  Prayagraj

Published :  28 November 2026, 2:50 PM IST