अब पीएफ क्लेम के लिए नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार, EPFO की नई व्यवस्था से राहत

यूपी के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है। EPFO ने पीएफ क्लेम निस्तारण का औसत समय 11.15 दिन से घटाकर 2.57 दिन कर दिया है। क्लेम निरस्त होने की दर भी घटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 November 2026, 4:08 PM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लाखों नौकरीपेशा कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ क्लेम के निस्तारण की प्रक्रिया को डिजिटल और ऑटोमेटेड बनाकर भुगतान की रफ्तार बढ़ा दी है। ईपीएफओ के आंकड़ों के मुताबिक, अब करीब 71 प्रतिशत दावों का निपटारा ऑटो मोड के जरिए किया जा रहा है। इसके चलते पीएफ क्लेम के निस्तारण में लगने वाला औसत समय 11.15 दिन से घटकर महज 2.57 दिन रह गया है। इसके अलावा क्लेम निरस्त होने की दर में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

पीएफ क्लेम रिजेक्ट होने की दर में आई गिरावट

ईपीएफओ ने कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल व्यवस्था को मजबूत किया है। इसके तहत बड़ी संख्या में पात्र दावों का निस्तारण ऑटो मोड के जरिए किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों को पीएफ की रकम निकालने के लिए पहले की तुलना में कम इंतजार करना पड़ रहा है।

नई व्यवस्था का असर क्लेम की स्वीकृति पर भी दिखाई दे रहा है। पहले पीएफ क्लेम निरस्त होने की दर करीब 23 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 7.82 प्रतिशत रह गई है। हालांकि, कर्मचारियों को क्लेम की मंजूरी के लिए आवेदन में सही जानकारी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।

यूपी के छह जिलों में लगाए गए विशेष शिविर

ईपीएफओ ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान के लिए 'निधि आपके निकट 2.0' अभियान के तहत शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के छह जिलों में विशेष शिविर आयोजित किए। इनमें लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, हरदोई और रायबरेली शामिल रहे।

शिविरों में कर्मचारियों और पेंशनभोगियों ने पीएफ निकासी, पेंशन, खातों और क्लेम से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस दौरान कुल 84 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 75 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष नौ शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कर्मचारियों से अधिकारियों ने किया सीधा संवाद

लखनऊ स्थित ज्ञान डेयरी फैक्ट्री में आयोजित शिविर में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय आशीष कुमार ने कर्मचारियों और नियोक्ताओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने पीएफ खातों, क्लेम और पेंशन से जुड़ी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

ईपीएफओ की ऑटो मोड व्यवस्था से जहां क्लेम निस्तारण में तेजी आई है, वहीं 'निधि आपके निकट 2.0' अभियान के माध्यम से कर्मचारियों को अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। इससे पीएफ सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में मदद मिल रही है।

Location :  Lucknow

Published :  28 November 2026, 4:08 PM IST