नाम है उत्तम, कर्म है घटिया, आगरा के इस चर्चित गर्भवती महिला मौत मामला में अस्पताल सील, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक…

आगरा के यमुनापार क्षेत्र में बिना लाइसेंस चल रहे उत्तम हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई की गई है। गर्भवती महिला की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ा और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। जांच में अस्पताल अवैध पाया गया, सेवाएं बंद कर दी गई हैं और केस दर्ज कराने की तैयारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 2:01 PM IST

Agra: आगरा के यमुनापार में स्थित एक अस्पताल में महिला की मौत हो गई। एक गर्भवती महिला की मौत के मामले ने बिना लाइसेंस चल रहे उत्तम हॉस्पिटल की पोल खोल दी। बीते महीने हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़ित परिवार लगातार कार्रवाई के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब मामला जब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के पास पहुंचा तो स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया।

गर्भपात के नाम पर लिए गए पैसे, फिर हुई मौत

सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव के मुताबिक टूंडला के उलाऊ हिरनगांव निवासी सचिन कुमार ने शिकायत दी थी कि उनकी चार महीने की गर्भवती पत्नी प्रिया यादव को 15 अप्रैल को ट्रांस यमुना फेज-2 स्थित उत्तम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल में गर्भपात की बात कहकर 50 हजार रुपये जमा कराए गए और स्त्री रोग विशेषज्ञ के नाम पर 12 हजार रुपये अतिरिक्त वसूले गए। अगले दिन 16 अप्रैल को नर्स ने ऑपरेशन किया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

इलाज में लापरवाही और निजी अस्पताल में मौत

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ समय बाद स्टाफ ने खून की जरूरत बताई और वे खून का इंतजाम करने गए। इसी दौरान बिना सूचना के मरीज को एक अन्य निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई और समय पर सही इलाज नहीं दिया गया।

जांच में अवैध पाया गया अस्पताल

शिकायत मिलने के बाद एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार से जांच कराई गई। जिसमें पाया गया कि उत्तम हॉस्पिटल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था। रिपोर्ट में इसे पूरी तरह अवैध पाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से चिकित्सकीय सेवाएं बंद करा दी और थाना एत्माउदौला पुलिस को पत्र लिखकर संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस जांच जारी, कार्रवाई की तैयारी

एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है। उधर स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि बिना लाइसेंस चल रहे अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना के बाद इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी पर भी सवाल उठने लगे हैं और लोगों में आक्रोश है।

Location :  Agra

Published :  16 May 2026, 2:01 PM IST