“आग की लपटों में सब कुछ जलकर हुआ राख”, छप्पर में भीषण अग्निकांड, 24 बेजुबान मवेशियों की दर्दनाक मौत

सिद्धार्थनगर के उसका बाजार थाना क्षेत्र के अजिगरा गांव में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। तुलसी पासवान के छप्पर में अचानक लगी आग इतनी तेजी से फैली कि वहां बंधे कई मवेशियों को बचाने का मौका तक नहीं मिला।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 October 2026, 10:35 AM IST

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के उसका बाजार थाना क्षेत्र के अजिगरा गांव में देर रात हुए भीषण अग्निकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गांव निवासी तुलसी पासवान के छप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि छप्पर के अंदर बंधे मवेशियों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका।

हादसे में दो गोवंश, दो भैंस और 20 बकरियां आग की चपेट में आकर जिंदा जल गईं। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सामने का मंजर देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।

टायर-ट्यूब ने बढ़ाई आग की भयावहता

बताया गया कि छप्पर के पास ही साइकिल मरम्मत का सामान रखा हुआ था। वहां एक टंकी के साथ बड़ी संख्या में टायर और ट्यूब भी मौजूद थे। आग जब इन सामानों तक पहुंची तो लपटें और तेज हो गईं।ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में छप्पर और उसके अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया।

छप्पर में लगी भीषण आग (Img: Dynamite News)

ये भी पढ़ें- Delhi Crime: होटल की पार्किंग में युवती से बदसलूकी, कार में खींचने की कोशिश; तीन पर FIR दर्ज

सबसे दर्दनाक स्थिति उन मवेशियों की रही, जो आग के बीच फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। हादसे में कुल 24 पशुओं की मौत ने गांव के लोगों को झकझोर दिया।

प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया। उसका बाजार थाने के थानाध्यक्ष संतोष तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राजस्व विभाग के लेखपाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया है।

ये भी पढ़ें- “सुबह बाग में पहुंचते ही दिखा खौफनाक मंजर”, पेड़ से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे के बाद तुलसी पासवान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मवेशियों की मौत से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। एक ही रात में बड़ी संख्या में पशुओं के मरने से आर्थिक नुकसान भी हुआ है। वहीं, घटना के बाद अजिगरा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आग जिस तेजी से फैली, उससे हालात संभालना मुश्किल हो गया था।

फिलहाल प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। आग लगने की वजह को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Location :  Siddharthnagar

Published :  7 October 2026, 10:35 AM IST