
आलोक सिंह बन सकते यूपी लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष (IMG: X)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं की नजर इन दिनों उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर टिकी है। आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत का कार्यकाल 21 नवंबर 2026 को समाप्त हो गया है। उनके रिटायरमेंट के बाद अब नए अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी और पीएसी के महानिदेशक आलोक सिंह का नाम संभावित उम्मीदवार के तौर पर सामने आया है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने 21 नवंबर को अपना कार्यकाल पूरा कर लिया। उन्होंने मई 2021 में आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। पांच साल से अधिक के कार्यकाल के बाद उनके रिटायर होने से अध्यक्ष का पद खाली हो गया। उनके जाने के बाद आयोग के वरिष्ठतम सदस्य डॉ. एके वर्मा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है। फिलहाल वही आयोग का कामकाज संभाल रहे हैं। स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अब सरकार के फैसले का इंतजार किया जा रहा है। संजय श्रीनेत के कार्यकाल में आयोग ने परीक्षा व्यवस्था में कई बदलाव किए।
यूपी में 7 वरिष्ठ IPS अफ़सरों के तबादले, आलोक सिंह की जबरदस्त वापसी- ADG जोन कानपुर बने
नए अध्यक्ष के संभावित नामों में आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह का नाम चर्चा में है। वह 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं और मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह पुलिस महानिदेशक यानी डीजी के पद पर पीएसी मुख्यालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके पास विशेष सुरक्षा बल (SSF) के डीजी का कार्यभार भी है।आलोक सिंह को पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था में काम करने का लंबा अनुभव है।
आलोक सिंह बन सकते यूपी लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष (IMG: X)
वह जनवरी 2020 में गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के पहले पुलिस कमिश्नर बनाए गए थे। इसके अलावा उन्होंने कानपुर जोन में एडीजी, मेरठ रेंज में आईजी और कानपुर में एसएसपी व आईजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध उनके सेवा विवरण में 1995 बैच, अलीगढ़ निवासी और वर्तमान में डीजी पीएसी के पद पर तैनाती की जानकारी दर्ज है। हालांकि, UPPSC अध्यक्ष पद पर उनके नाम को लेकर अभी अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।
आलोक सिंह को पुलिस सेवा के दौरान उनके योगदान के लिए कई पदकों और सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इनमें वर्ष 2003 का पुलिस वीरता पदक, 2012 का सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक और 2021 का राष्ट्रपति पुलिस पदक शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें वर्ष 2020 में उत्कृष्ट सेवा पदक और 2026 में अति उत्कृष्ट सेवा पदक भी मिला है। पुलिस विभाग के आधिकारिक रिकॉर्ड में इन सम्मानों का उल्लेख किया गया है।
UPPSC में नौकरी का सुनहरा मौका कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामर समेत 47 पदों पर नोटिफिकेशन जारी
उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों से जुड़े दूसरे आयोगों और बोर्डों में भी पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी सत्यनारायण साबत हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की जिम्मेदारी पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार संभाल रहे हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की कमान डीजीपी एसबी शिरडकर के पास है।
Location : Lucknow
Published : 22 November 2026, 4:18 PM IST