सिर्फ नौकरी नहीं, अब अपना कारोबार भी! नवरात्र पर यूपी के युवाओं को मिला ‘उद्यमी बडी’ का साथ

नवरात्र पर उत्तर प्रदेश में युवाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की एक खास पहल शुरू हुई है। यूपीकॉन ने यूथ अड्डा केंद्रों पर ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट लॉन्च कर युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 October 2026, 1:53 PM IST

Lucknow: अपने सपनों को पूरा करने के लिए अब सिर्फ नौकरी की तलाश ही एकमात्र रास्ता नहीं है। खुद का कारोबार शुरू करना और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी युवाओं के लिए एक नई राह बन सकता है।

इसी सोच को बढ़ावा देने के लिए नवरात्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) ने यूथ अड्डा केंद्रों पर ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट लॉन्च किया है। इस पहल का खास संदेश है कि युवा, खासकर बेटियां, अपने सपनों को पहचानें, हुनर सीखें और अपने विचारों को कारोबार में बदलने की दिशा में आगे बढ़ें।

आठ जिलों में युवाओं ने दिखाया उत्साह

लखनऊ, मुरादाबाद, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, प्रयागराज, गोंडा और वाराणसी समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्थित यूथ अड्डा केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया। खुद का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा रखने वाली युवतियों के साथ पहले से अपना कारोबार चला रहीं महिला उद्यमी भी इन कार्यक्रमों में शामिल हुईं।

‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ में सामने आए युवाओं के सपने

कार्यक्रम का खास आकर्षण ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ गतिविधि रही। इसमें प्रतिभागियों से अपने सपने लिखने और उन कौशलों के बारे में बताने को कहा गया, जिन्हें वे भविष्य में सीखना चाहते हैं। इस गतिविधि का मकसद युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता पहचानने के लिए प्रेरित करना था, ताकि वे अपने विचारों को एक व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ा सकें। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।

ये भी पढ़ें- Bareilly College News: असाइनमेंट और नंबरों के विवाद में 3 शिक्षक निलंबित, प्रबंध समिति से भी मांगा जवाब

आखिर क्या संदेश देता है ‘उद्यमी बडी’?

एक युवा लड़की के रूप में तैयार किया गया ‘उद्यमी बडी’ नई पीढ़ी के सपनों और सोच का प्रतीक है। यह संदेश देता है कि युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर नए अवसर तलाश सकते हैं और अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। नवरात्र के दौरान इस पहल को महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता के संदेश से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य युवतियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनने और उद्यमिता की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

सरकारी योजनाओं से कारोबार शुरू करने की राह

कार्यक्रमों में युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (एनवाईएसवाई) और एमएसएमई विभाग की अन्य ऋण एवं सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन का लाभ लेकर अपने व्यावसायिक विचारों को जमीन पर उतारा जा सकता है।

यूथ अड्डा के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता की जानकारी, मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने तक सीमित न रखकर रोजगार देने वाला बनने के लिए भी प्रेरित करना है।

ये भी पढ़ें- UP Governor News: 7 साल से ज्यादा का कार्यकाल, 2027 चुनाव से पहले क्या बदलेगा यूपी के राजभवन का चेहरा?

‘सिर्फ मैस्कॉट नहीं, सपनों को पूरा करने की प्रेरणा’

यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं को उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना और उन्हें खुद रोजगार पैदा करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि यूथ अड्डा के जरिए युवाओं को कारोबार से जुड़ी जानकारी, मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

प्रवीण सिंह के मुताबिक, ‘उद्यमी बडी’ केवल एक मैस्कॉट नहीं है, बल्कि युवाओं को सपने देखने, नए कौशल सीखने और अपने पैरों पर खड़े होने की प्रेरणा देने वाला संदेश है। इस पहल के जरिए युवाओं को अपने सपनों को पहचानकर उन्हें हकीकत में बदलने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Location :  Lucknow

Published :  13 October 2026, 1:53 PM IST