उत्तर प्रदेश में ठंड का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। IMD ने 40 जिलों में कोहरा और शीतलहर को लेकर ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे बाद तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट के आसार हैं।

यूपी में ठंड का डबल अटैक (img source: google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने वापसी कर ली है। कोहरे और शीतलहर के साथ कोल्ड डे जैसे हालात लोगों की परेशानी बढ़ाने वाले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि अगले 24 घंटे बाद प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे ठंड का असर और तेज होगा। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 12 जनवरी को पश्चिमी यूपी के साथ-साथ पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में सुबह सवेरे घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा करीब 10 से ज्यादा शहरों में शीत दिवस जैसे हालात बन सकते हैं। दिन में धूप कमजोर रहेगी और ठंडी हवाएं सिहरन बढ़ाएंगी।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को उत्तर प्रदेश के करीब 40 जिलों में कोहरा देखने को मिलेगा। इनमें से लगभग 20 जिलों में घना से अति घना कोहरा छाने की संभावना है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बिजनौर, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, बलरामपुर और संतकबीरनगर में कोहरा और कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं रामपुर, बरेली, बलिया, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गोंडा, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, संभल और मुरादाबाद समेत आसपास के जिलों में 300 से 800 मीटर तक की दृश्यता वाला कोहरा छा सकता है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिलेगा। दिन चढ़ने के साथ हल्की धूप निकल सकती है, जिससे थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
नोएडा में स्थिति ज्यादा गंभीर रहने वाली है। यहां सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने और पूरे दिन कोल्ड डे जैसे हालात बनने की संभावना है। इसे देखते हुए नोएडा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। अगले तीन दिनों तक नोएडा और आसपास के इलाकों में ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।
UP Weather Update: सात जिलों में घना कोहरा, ठंड से मिलेगी दो दिन की राहत
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, अगले 24 घंटे बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान मेरठ में 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गोरखपुर, कुशीनगर और आजमगढ़ में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा देखने को मिला, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।