यूपी में ठंड और कोहरे का दौर जारी; IMD ने तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की

उत्तर प्रदेश में मौसम जल्द ही बदलने वाला है। बंगाल और ओडिशा के तटों के पास सक्रिय एक चक्रवात का असर यूपी के पूर्वांचल क्षेत्र में देखने को मिल सकता है, जिसके चलते कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 7:40 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में तापमान गिरने के साथ ही धुंध और कोहरे का असर बढ़ गया है। राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा रहता है, जबकि दिन में मौसम साफ हो जाता है। इस बीच, मौसम के मिजाज में एक और बड़ा बदलाव आने की संभावना है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के पास सक्रिय एक चक्रवात का असर यूपी पर पड़ सकता है, जिससे तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज 19 नवंबर को यूपी के पश्चिमी और पूर्वांचल, दोनों क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा हो सकता है, लेकिन दिन भर आसमान साफ रहने और अच्छी धूप खिलने की उम्मीद है। फिलहाल, राज्य के सभी जिले 'ग्रीन ज़ोन' में हैं और कोई सक्रिय मौसम चेतावनी नहीं है। शुक्रवार, 20 नवंबर को भी स्थिति ऐसी ही रहने की संभावना है।

यूपी के जिलों के लिए कोहरे का पूर्वानुमान

आज सुबह सहारनपुर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ में हल्का कोहरा रहने की संभावना है। वहीं, कानपुर, बलरामपुर, अयोध्या, उन्नाव, बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच, गोरखपुर, महाराजगंज, आजमगढ़, प्रयागराज, गाजीपुर और चंदौली में हल्का से मध्यम कोहरा हो सकता है। राजधानी लखनऊ में मौसम शुष्क रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी।

किसी की उम्र 18 तो किसी की 20 साल! बलरामपुर में भीषण सड़क हादसे में 5 की मौत, दो गंभीर

21 नवंबर को आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

21 नवंबर से बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात का असर उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा। इस दौरान पूर्वांचल क्षेत्र के कई जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा, 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। इससे राज्य भर में ठंड बढ़ सकती है और तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके विपरीत, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, और सुबह के समय कोहरा छा सकता है।

Meerut: पति की दूसरी शादी की खबर मिलते ही ससुराल पहुंची पत्नी, फिर जमकर चले ईंट-पत्थर

मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 2–3°C तक बढ़ सकता है, जिसके बाद इसमें फिर से गिरावट आ सकती है। पिछले 24 घंटों में मुजफ्फरनगर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.5°C दर्ज किया गया। कानपुर, मेरठ, शाहजहांपुर और इटावा सहित अन्य जिलों में भी ठंड रही।

Location :  Lucknow

Published :  19 November 2026, 7:40 AM IST