
प्रतीकात्मक छवि (Soucre: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब फिर सक्रिय होने जा रहा है। शुक्रवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, कानपुर समेत करीब 45 जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले चार-पांच दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर रही हैं। राजधानी लखनऊ समेत करीब 40 जिलों में बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बढ़ गई है। लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार से 17 अगस्त तक पूर्वी यूपी से लेकर पश्चिमी जिलों तक मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। बारिश की शुरुआत पूर्वांचल के प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और वाराणसी समेत आसपास के जिलों से होने की संभावना है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी और अयोध्या समेत करीब 25 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं लखनऊ और कानपुर समेत करीब 45 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में बदलाव का असर शनिवार को लखनऊ और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी दिखाई दे सकता है। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अगस्त के पहले सप्ताह में मानसून सक्रिय रहा, लेकिन दूसरे सप्ताह में इसकी गतिविधियां कमजोर पड़ गईं। इसके चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगस्त में अब तक सामान्य से 31 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
पश्चिमी यूपी में भी सामान्य से करीब 11 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश की बात करें तो अगस्त के 13 दिनों में सामान्य के मुकाबले करीब 24 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
फरेंदा में सुरक्षा का कड़ा पहरा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी से मचा हड़कंप
हालांकि मानसून की कमजोर गतिविधियों के कारण गर्मी और उमस बढ़ी है, लेकिन अब मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों में प्रदेशभर में बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी यूपी से शुरू होने वाला बारिश का दौर धीरे-धीरे पश्चिमी जिलों तक पहुंच सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
Location : Lucknow
Published : 14 August 2026, 7:53 AM IST