
यूपी में मानसून की रफ्तार धीमी (Img- Envato)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून अभी पूरी तरह कमजोर नहीं पड़ा है, लेकिन अगले 24 घंटे में बारिश की रफ्तार कुछ कम हो सकती है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 44 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहने और उमस बढ़ने का अनुमान है।
मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए कम दबाव वाले क्षेत्र की वजह से माना जा रहा है। इसके असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का सिलसिला बना रहेगा, लेकिन फिलहाल किसी जिले के लिए बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
रामपुर, पीलीभीत, बरेली, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, सीतापुर, बहराइच और श्रावस्ती में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, रायबरेली, हरदोई, बदायूं, संभल, अमरोहा और बिजनौर में एक-दो जगह बूंदाबांदी के आसार हैं।
फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, ललितपुर, गोंडा, बलरामपुर, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली और वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में भी बारिश की संभावना है।
धूप खिलेगी या बरसेगा पानी? यूपी में मौसम का नया दांव, भारी बारिश और बिजली का अलर्ट जारी
राजधानी लखनऊ में सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। कई इलाकों में बारिश हुई और दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। दूसरी ओर नोएडा और गाजियाबाद में सुबह से आंशिक बादल छाए हैं, हालांकि यहां बारिश की संभावना कम है। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में बारिश नहीं होने से उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
आने वाले दिनों में शनिवार और रविवार को छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। 31 अगस्त को भी कुछ जगहों पर बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद 1 सितंबर से मानसून के फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वांचल में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
Location : Lucknow
Published : 29 August 2026, 8:14 AM IST