
यूपी में गुलाबी ठंड के बीच IMD ने झमाझम बारिश (सोर्स- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। सुबह-शाम की हल्की ठंडक के बीच अब बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और झोंकेदार हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव क्षेत्र और नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और उत्तर-पूर्व बांग्लादेश के आसपास समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बने हवा के चक्रवाती घेरे का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसके साथ ही, उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने भी दस्तक दे दी है। इन दो प्रणालियों के सक्रिय होने से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बेमौसम बारिश और ठंडी हवाओं का नया दौर शुरू होने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इसके बाद, 28 और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। इन दोनों दिनों में मेघगर्जन और वज्रपात (आसानी बिजली गिरने) के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिसके चलते मौसम विभाग ने येलो अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट के अनुसार, बारिश का यह दौर दो चरणों में असर दिखाएगा-
28 अक्टूबर का हाल: सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर, बलिया और इनसे सटे इलाकों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होने की संभावना है।
29 अक्टूबर का हाल: इस दिन बारिश का दायरा काफी बढ़ जाएगा। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश के आसार हैं।
UP Weather Today: यूपी में समय से पहले आई ठंड! दो दिनों तक होगी बारिश, ओले गिरने का भी अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसम मिला-जुला रहने वाला है। सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रह सकता है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
इन दिनों प्रदेशवासियों को अनूठे मौसम का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के वक्त गुलाबी ठंड और हल्की सिहरन महसूस हो रही है, जो सर्दियों के आने का संकेत दे रही है। हालांकि, दिन में खिलने वाली तीखी धूप अभी भी लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है। शाम ढलते ही मौसम फिर सुहाना हो जाता है और हवा में ठंडक घुल जाती है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में होने वाली बारिश के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे गुलाबी ठंड में तेजी से इजाफा होगा।
Location : Lucknow
Published : 24 October 2026, 9:07 AM IST