
उत्तर प्रदेश में मानसून (Img: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 जुलाई के लिए पूरे राज्य में गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की झोंकेदार हवाओं का अनुमान है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश में 7 जुलाई से 12 जुलाई तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर पूर्वांचल, तराई और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम अब अवदाब में बदल चुका है। इसी सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो रही हैं। दक्षिणी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के साथ कई इलाकों में जलभराव और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, महाराजगंज, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, गौतमबुद्ध नगर, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, महोबा और झांसी सहित कई जिले शामिल हैं।
रायबरेली में मोबाइल लूट गैंग का खुलासा, पुलिस ने ऐसे फंसाया जाल में
सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। मिर्जापुर और हमीरपुर में 120 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि लखीमपुर खीरी में 114 मिमी, औरैया में 68.8 मिमी और जालौन में 60 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
Location : Lucknow
Published : 7 July 2026, 7:17 AM IST
Topics : Heavy Rain Alert Monsoon Update UP Weather