
यूपी में गर्मी का कहर (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशवासियों को फिलहाल अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप और तपिश लोगों को परेशान करेगी, वहीं रातें भी गर्म बनी रहेंगी। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऊष्ण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार रविवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी और रविदासनगर समेत आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन जिलों में भीषण लू चलने की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। तेज धूप और गर्म हवाएं स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती हैं।
UP Weather: यूपी के 22 जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट, अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी की चेतावनी
रेड अलर्ट वाले जिलों के अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी लू का असर देखने को मिलेगा। आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और कासगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में दिन के समय तापमान सामान्य से काफी अधिक रह सकता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी जारी रहेगी। श्रावस्ती, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, फतेहपुर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बांदा, चित्रकूट, फरुखाबाद, कन्नौज और मैनपुरी में तापमान बेहद ऊंचा रहने की संभावना है।
इसके साथ ही अगले पांच दिनों तक प्रदेश में रातें भी गर्म रहने की चेतावनी जारी की गई है। यानी लोगों को दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
UP Weather Alert: यूपी में आसमान से बरस रही आग, 24 मई तक हीट वेव का यलो अलर्ट; जानें कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि लू से बचने के लिए हल्के कपड़े पहनें और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें। लगातार बढ़ती गर्मी ने प्रदेश में लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
Location : Lucknow
Published : 24 May 2026, 7:57 AM IST