UP Weather Update: यूपी में फिर बढ़ा गर्मी का कहर, क्या 42 डिग्री के पार जाएगा पारा, IMD ने दी चेतावनी

उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद एक बार फिर गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। कई जिलों में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने हीट वेव और गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया है। जानिए अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 June 2026, 8:29 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद एक बार फिर गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। दिन के समय सूरज की तपिश इतनी अधिक रही कि लोगों को घरों से बाहर निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताते हुए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।

आज पूरे प्रदेश में मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, 8 जून को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों ही संभागों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। प्रदेश में कहीं भी बारिश या बादल छाने की संभावना नहीं जताई गई है। अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहेगा और दिनभर तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। विभाग का कहना है कि कई स्थानों पर हीट वेव जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं, जिससे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी।

UP Weather: यूपी में मौसम का बड़ा यू-टर्न! आंधी, बारिश और बिजली का अलर्ट, जानिए आपके जिले का हाल

लखनऊ में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर

राजधानी लखनऊ में भी सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। सुबह से ही तेज धूप निकलने के आसार हैं और दोपहर तक गर्मी का असर और बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके साथ ही 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ सकता है।

लखनऊ के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी में इजाफा देखने को मिलेगा।

मंगलवार से बढ़ेगा लू का प्रकोप

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मंगलवार से प्रदेश में लू का असर और अधिक बढ़ सकता है। इस दौरान धूल भरी गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। विशेष रूप से दोपहर के समय बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हालांकि 10 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे तापमान में किसी बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।

UP Weather: उत्तर प्रदेश में भीषण लू से हाल बेहाल, बांदा से वाराणसी तक हीटवेव का प्रकोप, रेड अलर्ट जारी

11 से 13 जून के बीच हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 से 13 जून के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि इस दौरान भी कई क्षेत्रों में हीट वेव का असर बना रहेगा। ऐसे में लोगों को गर्मी और लू दोनों का सामना करना पड़ सकता है।

झांसी और बांदा रहे सबसे गर्म जिले

बीते 24 घंटों के दौरान झांसी और बांदा प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे। इन दोनों जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा उरई, फतेहपुर, वाराणसी और आगरा भी प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में दर्ज किए गए।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में लगभग इतनी ही गिरावट आने की संभावना जताई गई है। फिलहाल लोगों को तेज गर्मी, धूप और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की जरूरत है।

Location :  Lucknow

Published :  8 June 2026, 8:29 AM IST