UP Weather Update: घने कोहरे के आगोश में यूपी के कई शहर, 50 मीटर तक गिरी विजिबिलिटी, जानें IMD का नया पूर्वानुमान

उत्तर प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह-शाम कोहरे और ठिठुरन से कंपकंपी बढ़ने लगी है, जबकि हरदोई में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज हुआ है। हालांकि दिन में तीखी धूप भी खिली है। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में तेज हवाओं का दौर भी शुरू हो सकता है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 November 2026, 7:32 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड ने अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और शाम के वक्त हल्की ठिठुरन और कंपकंपी साफ महसूस की जाने लगी है। मौसम के इस नए मिजाज से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है, खासकर सुबह बाइक या स्कूटी से निकलने वाले लोगों को अब सर्दी का अहसास होने लगा है।

प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में हरदोई उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 14.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर और इटावा में न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि बरेली में 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इन इलाकों में ठंड का असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है।

UP Weather: यूपी में बेमौसम बरसात और तेज हवाओं से बढ़ी ठंड, चक्रवाती तूफान को लेकर सामने आया नया अपडेट

सुबह के वक्त विजिबिलिटी में भारी गिरावट दर्ज की गई है। लखनऊ, बरेली, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज और संभल समेत करीब 10 शहरों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर तक रह गई, जबकि ग्रामीण इलाकों में स्थिति यह रही कि 10 मीटर की दूरी देखना भी मुश्किल हो गया। शाम ढलते ही यानी करीब 6 बजे के आसपास ही धुंध का पहरा छाने लगा है।

घने कोहरे के आगोश में यूपी (सोर्स-Pinterest)

हालांकि, सुबह और रात की ठंड के उलट दिन में मौसम का दूसरा रूप भी देखने को मिल रहा है। प्रयागराज, बहराइच और झांसी जैसे जिलों में दिन का तापमान अभी भी 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय धूप तीखी बनी रहती है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जहां छिटपुट बारिश की भी संभावना जताई गई है।

UP Weather Update: यूपी के इन इलाकों में बारिश के आसार, घर से निकलने से पहले जान लें IMD का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज और कल प्रदेश के किसी भी जिले में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, जिससे फिलहाल लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि, गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, रायबरेली, मिर्जापुर, सोनभद्र, फतेहपुर और कानपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि बदायूं, शामली, इटावा, गाजीपुर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती और आजमगढ़ में 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने का अलर्ट है।

Location :  Lucknow

Published :  5 November 2026, 7:32 AM IST