यूपी स्कॉलरशिप के लिए आज ही जमा करें हार्ड कॉपी, जानें कब खाते में आएगी धनराशि

UP Scholarship 2026 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रों को आज 4 नवंबर तक फॉर्म की हार्ड कॉपी कॉलेज में जमा करनी होगी। जानें जरूरी दस्तावेज और दिसंबर-जनवरी में स्कॉलरशिप की धनराशि आने की संभावित तारीखें।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 November 2026, 11:28 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश पोस्ट मैट्रिक (दशमोत्तर- 11वीं और 12वीं के अतिरिक्त) स्कॉलरशिप 2026 के लिए आवेदन करने वाले छात्रों के पास आज यानी 4 नवंबर तक फॉर्म की हार्ड कॉपी कॉलेज में जमा करने का आखिरी मौका है। उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग की ओर से फ्रेश रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की गई थी। अब रजिस्ट्रेशन करा चुके विद्यार्थियों को आवेदन फॉर्म की हार्ड कॉपी के साथ सभी जरूरी दस्तावेज अपने संबंधित कॉलेज में जमा करने होंगे।

ऐसे में जिन छात्रों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तो कर लिया है, लेकिन अभी तक कॉलेज में फॉर्म और दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, उन्हें बिना देरी किए यह प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। निर्धारित समय में हार्ड कॉपी जमा नहीं करने पर छात्रवृत्ति की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

फॉर्म के साथ इन दस्तावेजों को करना होगा अटैच

उत्तर प्रदेश पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को फॉर्म की हार्ड कॉपी के साथ जरूरी दस्तावेज भी जमा करने होंगे। दस्तावेजों की सूची इस प्रकार है:

  • आधार कार्ड
  • पैन कार्ड
  • आय प्रमाण पत्र
  • जन्म प्रमाण पत्र
  • निवास प्रमाण पत्र
  • पिछले वर्ष की मार्कशीट
  • फीस की रसीद
  • बैंक पासबुक की स्कैन कॉपी
  • जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • नामांकन संख्या

छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे फॉर्म जमा करने से पहले सभी दस्तावेजों की जांच कर लें। आवेदन में दी गई जानकारी और दस्तावेजों में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर सत्यापन के दौरान परेशानी हो सकती है।

दिसंबर से जनवरी तक खाते में आएगी स्कॉलरशिप की धनराशि

उत्तर प्रदेश स्कॉलरशिप योजना के तहत रिन्यूअल और फ्रेश आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए धनराशि ट्रांसफर करने का अलग-अलग कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

रिन्यूअल वाले विद्यार्थियों के खातों में 1 दिसंबर से 10 दिसंबर 2026 के बीच छात्रवृत्ति की धनराशि भेजे जाने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। वहीं, संदेहास्पद या त्रुटिपूर्ण डाटा के संबंध में कार्रवाई पूरी होने के बाद 16 जनवरी से 25 जनवरी 2027 तक दोबारा धनराशि का अंतरण किया जा सकता है।

फ्रेश विद्यार्थियों के लिए कब आएगी छात्रवृत्ति?

फ्रेश आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति की धनराशि 21 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक ट्रांसफर किए जाने का कार्यक्रम है। इसके बाद संदेहास्पद या त्रुटिपूर्ण डाटा के मामलों में आवश्यक कार्रवाई पूरी होने पर 27 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक दोबारा धनराशि भेजी जा सकती है।

हालांकि, छात्रवृत्ति की धनराशि निर्धारित समय से देरी से भी पहुंच सकती है। ऐसी स्थिति में जनवरी से मार्च के बीच भी विद्यार्थियों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जा सकते हैं।

समय-समय पर चेक करते रहें आवेदन का स्टेटस

छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन फॉर्म जमा करने के बाद समय-समय पर अपनी स्कॉलरशिप का स्टेटस चेक करते रहें। इससे आवेदन के सत्यापन, किसी दस्तावेज में कमी या डाटा में त्रुटि की जानकारी समय रहते मिल सकेगी। इसके अलावा बैंक खाते की जानकारी भी सही रखें, ताकि छात्रवृत्ति की धनराशि ट्रांसफर होने में किसी तरह की परेशानी न आए।

Location :  Lukcnow

Published :  4 November 2026, 11:28 AM IST